भीलवाड़ा के उपरेड़ा में 36 पौधों का वृहद पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हरियाली बढ़ाने का अभियान
भीलवाड़ा के बनेड़ा उपखंड स्थित उपरेड़ा में सामाजिक कार्यकर्ता मुबारक मंसूरी के नेतृत्व में 36 पौधों का वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और जनजागरण के संकल्प के साथ विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए गए, जिनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल की भी व्यवस्था की गई।

तस्वीर में उपरेड़ा में पौधारोपण अभियान के दौरान बाएं से दाएं स्थानीय लोग और कार्यकर्ता खड़े नजर आ रहे हैं।
भीलवाड़ा। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के उद्देश्य से बनेड़ा उपखंड क्षेत्र के उपरेड़ा कस्बे में गुरुवार को वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरण प्रेमी मुबारक मंसूरी उपरेड़ा के नेतृत्व में कुल 36 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। अभियान के तहत नवीन कब्रिस्तान परिसर, धर्माऊ तालाब कब्रिस्तान परिसर तथा उपरेड़ा-रायला मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर छायादार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम के तहत नवीन कब्रिस्तान परिसर में पांच बरगद, पांच गूलर, पांच शीशम, पांच अर्जुन तथा एक पीपल सहित कुल 21 पौधे लगाए गए। इससे पूर्व इसी नवीन कब्रिस्तान परिसर में एक माह पहले 50 से अधिक पौधे लगाए गए थे, जो सभी जीवित हैं। सभी पौधों की सुरक्षा के लिए कांटेदार बाड़ लगाई गई है तथा परिसर में लगे हैंडपंप से समय-समय पर पानी देकर उनकी नियमित देखरेख की जा रही है।
इसके अतिरिक्त धर्माऊ तालाब कब्रिस्तान परिसर में छायादार बरगद के पांच पौधे लगाए गए। वहीं उपरेड़ा-रायला को जोड़ने वाली डामरीकरण सड़क पर खातनखेड़ी रोड स्थित एनिकट चौराहे पर मुबारक मंसूरी उपरेड़ा द्वारा बरगद के 10 अतिरिक्त छायादार पौधे लगाए गए। प्रदूषण नियंत्रण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से लगाए गए सभी पौधों के चारों ओर कांटेदार बाड़ लगाकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की गई तथा उन्हें वृक्ष बनने तक नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया गया।
एनिकट चौराहे पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान सहकारी समिति उपरेड़ा के पूर्व अध्यक्ष भेरुलाल जी गुर्जर, सांवरमल गुर्जर, गोपाल गुर्जर उपरेड़ा, दिलखुश गुजर, राधेकिशन गुर्जर तथा जगदीश गुर्जर नोलाकाखेड़ा उपस्थित रहे। सभी ने मुबारक मंसूरी उपरेड़ा की पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्रांति के प्रति रुचि की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से वृक्षारोपण अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
सामाजिक कार्यकर्ता मुबारक मंसूरी ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि पर्यावरण संतुलन को मजबूत करना, क्षेत्र में हरियाली बढ़ाना तथा मवेशियों, आमजन और जीव-जंतुओं के लिए छायादार वातावरण उपलब्ध कराना है। उनका कहना है कि पेड़-पौधे प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और क्षेत्र में बेहतर वर्षा तथा स्वच्छ वातावरण के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि आज 36 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का कार्य किया गया, जिससे उन्हें आत्म संतुष्टि मिली।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष वर्षा ऋतु के दौरान अधिक से अधिक वृक्षारोपण किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग वृक्षारोपण के लिए प्रेरित हो सकें।
मुबारक मंसूरी उपरेड़ा पिछले 15 वर्ष से अधिक समय से क्षेत्र में पेयजल समस्या दूर करने, कृषि संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने, चिकित्सा सेवा को बढ़ावा देने, महिला शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास को गति देने के उद्देश्य से कार्यरत हैं। इसके लिए उन्होंने संपूर्ण बनेड़ा उपखंड क्षेत्र में कच्ची सड़कों के डामरीकरण सहित अनेक मुद्दे उठाकर क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने का प्रयास किया है।
"एक पेड़ – अनेक जीवन" के संदेश के साथ आयोजित इस अभियान को स्थानीय लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय और महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में लगाए गए सभी पौधे रायला के प्रेमचंद सामरिया एवं सत्यनारायण सामरिया द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराए गए।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
