भीलवाड़ा: यूपी के युवक ने किराये के कमरे में फांसी लगाकर दी जान
उत्तरप्रदेश के जालोन निवासी दीपेंद्र ने भीलवाड़ा के बापूनगर में फंदा लगाकर आत्महत्या की, कुछ समय पहले ही गांव में पत्नी ने बेटे को दिया था जन्म।

भीलवाड़ा। उत्तरप्रदेश के एक युवक की लाश बीती रात बापूनगर स्थित किराये के कमरे में फंदे से लटकी मिली। शव को रात में मोर्चरी भिजवा दिया गया, जिसका पोस्टमार्टम शुक्रवार को करवाया गया। बता दें कि युवक कुछ समय पहले ही पिता बना था। युवक की खुदकुशी से कॉलोनी में सनसनी फैल गई। युवक ने किन कारणों के चलते मौत को गले लगाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
अकेला ही रह रहा था दीपेंद्र, पत्नी चली गई थी गांव
प्रताप नगर थाने के सहायक उप निरीक्षक उदय लाल ने बताया कि:
- उत्तरप्रदेश के जालोन जिले के उमरखेड़ा, उर्रई निवासी दीपेंद्र (24) पुत्र रामबाबू अहीरवाल यहां बापूनगर में पत्नी के साथ रहकर मजदूरी कर रहा था।
- दीपेंद्र की पत्नी गर्भवती होने से प्रसव के लिए कुछ समय पहले गांव चली गई थी।
- इसके बाद से दीपेंद्र अकेला ही रह रहा था।
पत्नी ने गांव में बेटे को दिया जन्म
दीपेंद्र की पत्नी ने कुछ समय पहले ही गांव में बेटे को जन्म दिया था। बच्चे के जन्म की खुशियों के बीच, दीपेंद्र के खुदकुशी करने की खबर आने से परिवार में मातम छा गया। दीपेंद्र बीती रात किराये के कमरे में रस्सी के फंदे से कुंदे से लटका मिला था।
ऐसे चला सुसाइड का पता
- दीपेंद्र की यूपी में रह रहे परिवार से अक्सर फोन से बात होती रहती थी।
- दस फरवरी को दीपेंद्र की परिजनों से आखरी बार बात हुई थी।
- इसके बाद परिवार के लोग दीपेंद्र से बात करने के लिए मोबाइल पर कॉल लगा रहे थे, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ।
इसके चलते बीती रात दीपेंद्र के कमरे पर उसी के जीजा अजय, जो यहीं रहता है, उसे कमरे पर भेजा। मकान मालिक की मदद से कमरे में देखा तो दीपेंद्र फंदे से झुलता मिला। यह देखकर जीजा ने पुलिस व परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
