भीलवाड़ा में विशेष बच्चों के शिविर ‘उड़ान’ का 24 मई को भव्य समापन
भारत विकास परिषद की स्वामी विवेकानंद शाखा द्वारा आयोजित 10 दिवसीय नि:शुल्क अभिरुचि शिविर का समापन शांति अतिथि गृह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होगा।

भीलवाड़ा में बौद्धिक दिव्यांग एवं दृष्टिहीन बच्चों को राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित 10 दिवसीय नि:शुल्क अभिरुचि शिविर ‘उड़ान’ का रविवार, 24 मई को भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। भारत विकास परिषद, स्वामी विवेकानंद शाखा, भीलवाड़ा के तत्वावधान में संचालित इस विशेष शिविर का आयोजन ‘एक अनोखी पहल—सहारा नहीं साथ चाहिए’ ध्येय वाक्य के साथ किया गया है। समापन समारोह ‘उड़ान समापन समारोह’ (सपनों को पंख, खुशियों के रंग) के रूप में शाम 5.30 बजे शास्त्री नगर स्थित अरिहंत हॉस्पिटल के पास शांति अतिथि गृह में आयोजित होगा।
शाखा सचिव के. जी. सोनी ने बताया कि समारोह में बौद्धिक दिव्यांग एवं दृष्टिहीन बच्चों द्वारा सांस्कृतिक एवं मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को मंच मिलेगा और उनके आत्मविश्वास को नई दिशा मिलेगी। शिविर का उद्देश्य विशेष बच्चों को आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करते हुए समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाना है।
समारोह में समाज, प्रशासन और विभिन्न संगठनों से जुड़े प्रबुद्धजन एवं अधिकारी शामिल होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद, राजस्थान मध्य प्रांत के प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी करेंगे। अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक पारसमल जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
विशिष्ट अतिथियों में प्रखर विचारक एवं समाजसेवी लक्ष्मी नारायण डाड, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महानगर संघचालक कैलाश चंद्र खोईवाल, अखिल भारतीय विमर्श एवं प्रशिक्षण संयोजक तथा राजस्थान क्षेत्र प्रमुख (संस्कार भारती) अरुण शर्मा और प्रख्यात उद्योगपति व पर्यावरणविद् प्रकाश चंद्र छाबड़ा शामिल रहेंगे। सभी अतिथि बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए समाज में समावेशिता और संवेदनशीलता का संदेश देंगे।
परिषद की महिला संयोजिका अन्नू हिम्मतरामका एवं प्रकल्प प्रभारी आशा काबरा ने बताया कि यह शिविर विशेष बच्चों के सर्वांगीण विकास और सामाजिक सहभागिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। परिषद के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष आदित्य मानसिंहका सहित भारत विकास परिषद स्वामी विवेकानंद शाखा ने आमजन और शहरवासियों से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर बच्चों की प्रतिभा की सराहना करने और उन्हें संबल प्रदान करने की अपील की है। कार्यक्रम के समापन के बाद स्वरुचि अल्पहार की व्यवस्था भी की गई है। यह आयोजन दिव्यांग एवं दृष्टिहीन बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश स्थापित करेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
