भीलवाड़ा में 16108 श्री तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव शुरू, निकली भव्य कलश शोभायात्रा
भीलवाड़ा में 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कलश शोभायात्रा के साथ विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज ने रुक्मणी मंगल कथा शुरू की। जानिए 20 नवंबर तक होने वाले विवाह के प्रमुख आयोजन।

व्यासपीठ पर बैठकर कथा वाचन करते गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज भीलवाड़ा में तुलसी-शालिग्रामजी विवाह महोत्सव के दौरान दिख रहे हैं।
भीलवाड़ा, 17 नवंबर। भीलवाड़ा में 16108 श्री तुलसी-शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव के चार दिवसीय आयोजनों का मंगलवार को भव्य कलश शोभायात्रा और रुक्मणी मंगल कथा के साथ शुभारंभ हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के प्रति रुक्मणी के अनन्य प्रेम और समर्पण को कथा का मुख्य विषय बनाते हुए आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज ने व्यासपीठ से तीन दिवसीय रुक्मणी मंगल कथा का वाचन शुरू किया। कथा श्रवण के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे। भीलवाड़ा में पहली बार इतने भव्य स्तर पर तुलसी विवाह महोत्सव आयोजित होने से शहर में उत्साह का माहौल है। सर्व समाज के श्रद्धालु आयोजन की व्यवस्थाओं में सेवाएं दे रहे हैं।
महोत्सव के शुभारंभ पर रामधाम से आयोजन स्थल मेडिसिटी ग्राउंड तक भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज और मुख्य आचार्य योगेन्द्र शर्मा के सानिध्य में निकाली गई। आयोजन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष छगनलाल जैन के मार्गदर्शन में आयोजित शोभायात्रा में सैकड़ों महिलाएं मंगल कलश लेकर शामिल हुईं।
आयोजन समिति के संयोजक एस.एन. गग्गड़ ने बताया कि शोभायात्रा में श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महोत्सव सेवा समिति और श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ भीलवाड़ा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा आजादनगर के विभिन्न क्षेत्रों से होती हुई आयोजन स्थल पहुंची। इस दौरान पूरा वातावरण भगवान श्रीकृष्ण और तुलसी-शालिग्रामजी की भक्ति से सराबोर रहा।
शोभायात्रा के आयोजन स्थल पहुंचने के बाद रुक्मणी मंगल कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर प्रधान कथा यजमान बालूलाल, सतीशकुमार और संदीपकुमार पोरवाल, बड़लियास ने व्यासपीठ का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण और भगवती रुक्मिणी के दिव्य चरित्र का वर्णन करते हुए रुक्मिणी जन्म प्रसंग की व्याख्या की। उन्होंने रुक्मिणी के अवतरण, अलौकिक स्वरूप और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति उनके अनन्य प्रेम एवं समर्पण के आध्यात्मिक महत्व को समझाया।
महाराजश्री ने कथा का भाव स्पष्ट करते हुए कहा कि भगवान की प्राप्ति बाहरी आडंबर से नहीं, बल्कि निष्कपट प्रेम, अटूट श्रद्धा और पूर्ण समर्पण से होती है। रुक्मिणी का चरित्र जीवात्मा की परमात्मा के प्रति अनन्य निष्ठा और दिव्य प्रेम का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने बताया कि रुक्मिणी के पिता उनका विवाह द्वारिकाधीश से कराना चाहते थे, जबकि उनके भाई रुक्मी का विवाह शिशुपाल से कराने का विचार था। पिता और पुत्र के बीच सेतु की भूमिका मां ही निभा सकती है। उन्होंने कहा कि हर बेटी ऐसा घर चाहती है, जहां सुख-सुविधाएं भले ही न मिलें, लेकिन स्नेह और सम्मान हमेशा मिले।
कथा के दौरान कृष्ण-रुक्मिणी की सजीव झांकी भी सजाई गई। व्यासपीठ से 'अब तो आओ सांवरिया, डूब रही रुक्मण प्यारी' सहित भजनों की प्रस्तुति हुई। भजन शुरू होते ही सैकड़ों श्रद्धालु अपने स्थानों पर खड़े होकर नृत्य करने लगे। रुक्मणी मंगल कथा का आयोजन 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 से 4 बजे तक होगा।
विवाह महोत्सव के मांगलिक कार्यक्रमों की कड़ी में बुधवार, 18 नवंबर को सुबह 10 बजे कथा पांडाल में हल्दी और मेहंदी मनोरथ आयोजित होंगे। इसी दिन रात 8 बजे भक्ति सुधामृतम का आयोजन किया जाएगा। 19 नवंबर को सुबह 10 बजे से भात मनोरथ होगा। इसी दिन श्री गढ़बोर चारभुजानाथ बारात लेकर भीलवाड़ा पहुंचेंगे। बारात का शाम 5 बजे रीको चौराहा स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर में भव्य स्वागत किया जाएगा।
महोत्सव के मुख्य आयोजन के तहत 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव की पाणिग्रहण संस्कार की रस्में शुरू होंगी। दिव्य बारात शोभायात्रा सुबह 8.15 बजे रामधाम से रवाना होगी। मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ के साथ भीलवाड़ा के विभिन्न मंदिरों में स्थापित भगवान चारभुजानाथ भी बारात लेकर विवाह महामहोत्सव स्थल पहुंचेंगे। सुबह 11.15 बजे तोरण की रस्म होगी और दोपहर 12.15 बजे पाणिग्रहण संस्कार संपन्न होगा। इसके बाद शाम 5 बजे बारात विदाई की रस्म होगी। चार दिवसीय महोत्सव में कलश शोभायात्रा और रुक्मणी मंगल कथा के बाद हल्दी, मेहंदी, भात और विवाह की रस्मों के माध्यम से तुलसी-शालिग्रामजी विवाह के विभिन्न मांगलिक आयोजन संपन्न होंगे।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
