भीलवाड़ा में तुलसी विवाह महामहोत्सव, चारभुजानाथ लेकर आएंगे भव्य बारात
17 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस महामहोत्सव में रुक्मिणी मंगल कथा और भव्य बारात समेत कई धार्मिक कार्यक्रम होंगे।

भीलवाड़ा में तुलसी विवाह महोत्सव के तहत बहेड़िया परिवार के यहां आयोजित संगीत संध्या का एक दृश्य।
भीलवाड़ा में 20 नवंबर को श्रद्धा और भक्ति का अनूठा आयोजन होने जा रहा है। पहली बार मेवाड़ के आराध्य श्री गढ़बोर चारभुजानाथ भगवान तुलसीजी से विवाह रचाने के लिए बारात लेकर भीलवाड़ा पहुंचेंगे। इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में भीलवाड़ा के विभिन्न मंदिरों में विराजित भगवान चारभुजानाथ भी बारात लेकर शामिल होंगे। 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव के चार दिवसीय मांगलिक कार्यक्रम मंगलवार, 17 नवंबर से शुरू होंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और महोत्सव स्थल पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
सोमवार को महोत्सव समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज के सानिध्य में पत्रकार वार्ता आयोजित कर चार दिवसीय कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज ने बताया कि 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव का आयोजन पहली बार किया जा रहा है। सकल सनातन परिवार की प्रेरणा से आयोजित इस महोत्सव का संयोजन श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा संघ कर रहा है। आयोजन को लेकर सभी सनातन धर्मावलंबियों में उत्साह है और श्रद्धालु समर्पित भाव से सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि श्री गढ़बोर चारभुजानाथ के नाम भेजी गई मंगल लग्न पत्रिका परम पूज्य नारायणदासजी और उनके सानिध्य में समस्त पुजारी परिवार ने स्वीकार कर ली है। इसके साथ ही 19 नवंबर को भगवान चारभुजानाथ के भीलवाड़ा बारात लेकर पहुंचने की पुष्टि हुई है। बारात का शाम 5 बजे रीको चौराहा स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर में भव्य स्वागत किया जाएगा। 20 नवंबर को श्री गढ़बोर चारभुजानाथ तुलसीजी के साथ विवाह रचाएंगे। भीलवाड़ा के नौ मंदिरों में स्थापित भगवान चारभुजानाथ को भी मंगल लग्न पत्रिका महोत्सव सेवा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की ओर से पहले ही समर्पित की जा चुकी है।
महोत्सव के मुख्य आचार्य योगेन्द्र शर्मा ने बताया कि 17 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 से 4 बजे तक मेडिसिटी ग्राउंड पर रुक्मिणी मंगल कथा होगी। कथा का वाचन आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज करेंगे। इसमें रुक्मिणीजी के द्वारिकाधीश श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम, भक्ति, समर्पण, विश्वास और विवाह प्रसंग का वर्णन किया जाएगा। कथा के मुख्य पोथी यजमान बालूलाल पोरवाल बड़लियास वाले होंगे। कथा से पहले प्रतिदिन सुबह 9.15 बजे रामधाम से कथास्थल तक भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी।
महोत्सव समिति के संयोजक एसएन गग्गड़ ने बताया कि 17 नवंबर को रात 8 बजे से महारास एवं संगीत संध्या का आयोजन होगा। इसमें पारंपरिक वेशभूषा में सनातनी श्रद्धालु और आयोजन से जुड़े सदस्य जोड़ों के रूप में भाग ले सकेंगे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कोटा से आमंत्रित राधा-कृष्ण समूह, राजस्थानी वेशभूषा में सामूहिक धूमर, राजपूती पोशाक में घूमर एवं रास रहेगा। इस दौरान भीलवाड़ा के ख्यातनाम कलाकार भजन और गीतों की प्रस्तुतियां भी देंगे।
मांगलिक आयोजनों की श्रृंखला में 18 नवंबर को सुबह 10 बजे कथा पांडाल में हल्दी एवं मेहंदी मनोरथ होगा। इसी दिन रात 8 बजे भक्ति सुधामृतम का आयोजन किया जाएगा। 19 नवंबर को सुबह 10 बजे भात मनोरथ होगा, जबकि रात 8 बजे संगीत मधुरम का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
विवाह महोत्सव के मुख्य पाणिग्रहण संस्कार की रस्में 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होंगी। दिव्य बारात शोभायात्रा सुबह 8.15 बजे रामधाम से रवाना होगी। सुबह 11.15 बजे तोरण की रस्म होगी और दोपहर 12.15 बजे पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कराया जाएगा। इसके बाद शाम 5 बजे बारात विदाई की रस्म होगी।
विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज ने बताया कि चार दिवसीय महामहोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मेडिसिटी ग्राउंड पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। तुलसी विवाह में धर्म माता-पिता बनने के लिए भीलवाड़ा जिले सहित देश और प्रदेश के विभिन्न स्थानों से हजारों श्रद्धालुओं ने पंजीयन कराया है।
पत्रकार वार्ता में श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा संघ के अध्यक्ष रमेशचन्द्र त्रिपाठी, महोत्सव सेवा समिति के सह संयोजक दिनेश विजयवर्गीय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष छगनलाल जैन, उपाध्यक्ष हनुमान अग्रवाल और समिति के कार्यालय प्रभारी रजनीकांत आचार्य सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
महोत्सव के चार दिवसीय आयोजनों से पहले सोमवार शाम मेडिसिटी ग्राउंड पर श्रद्धा और आस्था के साथ बड़ा विनायक की स्थापना की गई। आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान गणपति की आराधना की गई। श्रद्धालुओं ने महोत्सव के सभी कार्यक्रम निर्विघ्न संपन्न होने, भगवान की कृपा बने रहने तथा सर्वसुख और मंगल की कामना की। इस अवसर पर श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महोत्सव सेवा समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
इसी बीच तुलसीजी के धर्म माता-पिता बनने वाले परिवारों के घरों में भी विवाह की तैयारियां धार्मिक उल्लास के साथ चल रही हैं। छोटे विनायक की स्थापना के बाद संगीत संध्या और भजन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार रात भीलवाड़ा के बड़े चारभुजानाथजी के साथ विवाह के लिए विराजित होने वाली तुलसीजी के धर्म माता-पिता रामप्रकाश मनीष बहेड़िया परिवार के आंगन में संगीत संध्या आयोजित हुई। इसमें बड़ी संख्या में परिवारजन और श्रद्धालु शामिल हुए तथा संगीत और भजनों के माध्यम से विवाह महोत्सव की खुशियां मनाईं।
16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव के तहत धार्मिक कथाओं, पारंपरिक रस्मों, महारास, संगीत संध्या और दिव्य बारात के आयोजन भीलवाड़ा में चार दिनों तक भक्ति और विवाह उत्सव का विशेष वातावरण बनाएंगे। 20 नवंबर को श्री गढ़बोर चारभुजानाथ सहित विभिन्न मंदिरों के भगवान चारभुजानाथ की बारात और तुलसीजी के साथ पाणिग्रहण संस्कार इस महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
