भीलवाड़ा की धर्मनगरी में इन दिनों श्रद्धा, आस्था और भक्ति की त्रिवेणी प्रवाहित हो रही है। 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव के तहत आयोजित रुक्मणी मंगल कथा में हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ के बीच विवाह पूर्व की हल्दी और मेहंदी की रस्में उल्लासपूर्वक संपन्न हुईं। अब श्रद्धालुओं को उस ऐतिहासिक मांगलिक अवसर का इंतजार है, जब मेवाड़ धणी राजाधिराज श्री गढ़बोर चारभुजानाथ गुरुवार शाम बारात लेकर पहली बार भीलवाड़ा पहुंचेंगे।

श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महोत्सव सेवा समिति के तत्वावधान और श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा संघ के संयोजन में आयोजित इस महामहोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। श्री तुलसी महारानी से विवाह के लिए गढ़बोर चारभुजानाथ की बारात गुरुवार शाम 5 बजे पुर रोड स्थित रीको चौराहा के पंचमुखी बालाजी मंदिर पहुंचेगी। यहां आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज और मुख्य आचार्य योगेन्द्र शर्मा के सानिध्य में बारात का भव्य स्वागत किया जाएगा। आयोजन समिति के सदस्यों के साथ भीलवाड़ा के श्रद्धालु बारात की अगवानी करेंगे।

बारात के स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन समिति के संयोजक डॉ. एस.एन. गग्गड़ ने बताया कि गढ़बोर चारभुजानाथ से बारात लेकर पधार रहे ठाकुरजी और बारातियों के स्वागत की सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। बारात का पहला स्वागत पंचमुखी बालाजी मंदिर में समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष छगनलाल जैन के निर्देशन में होगा। समिति के उपाध्यक्ष हनुमान अग्रवाल ने बताया कि बिलिया में भी श्रद्धालु परिवारों की ओर से बारात का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद बारात आजादनगर स्थित आनंदम भवन पहुंचेगी, जहां विश्राम होगा।


महामहोत्सव के अंतर्गत पाणिग्रहण संस्कार की रस्में 20 नवंबर को संपन्न होंगी। सुबह 8.15 बजे आजादनगर स्थित एमपीएस स्कूल ग्राउंड से विवाह की रस्मों का शुभारंभ होगा। दिव्य बारात शोभायात्रा सुबह 8.15 बजे रामधाम से रवाना होगी। मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ के साथ भीलवाड़ा के विभिन्न मंदिरों में स्थापित भगवान चारभुजानाथ भी बारात लेकर विवाह महामहोत्सव स्थल पहुंचेंगे। सुबह 11.15 बजे तोरण की रस्म होगी और दोपहर 12.15 बजे पाणिग्रहण संस्कार संपन्न होगा। शाम 5 बजे बारात विदाई की रस्म होगी।

इससे पहले चार दिवसीय महामहोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को मेडिसिटी ग्राउंड में विवाह पूर्व हल्दी और मेहंदी मनोरथ की रस्में आयोजित की गईं। महिलाओं ने तुलसी महारानी के जयकारे लगाते हुए मंगलगीत गाए और उत्साह के साथ हाथों में मेहंदी रचाई। हल्दी की रस्म भी पारंपरिक उल्लास के साथ निभाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर आयोजन में शामिल हुईं।

दोपहर में आयोजित तीन दिवसीय रुक्मणी मंगल कथा के दूसरे दिन व्यासपीठ से गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज ने रुक्मणी विवाह से जुड़े प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान भक्ति और श्रद्धा की ऐसी धारा प्रवाहित हुई कि श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते रहे। रुक्मणी मंगल कथा सुनने के लिए विशेष रूप से महिलाओं सहित हजारों भक्त पहुंचे। श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक रही कि विशाल पांडाल भी छोटा पड़ गया। लोगों ने जहां जगह मिली, वहीं बैठकर कथा श्रवण किया। व्यासपीठ से भजन शुरू होते ही श्रद्धालु नृत्य और भक्ति में लीन हो गए।

महाराजश्री ने रुक्मणीजी के द्वारिकाधीश श्रीकृष्ण से ही विवाह करने के संकल्प और उनकी भावनाओं का मार्मिक चित्रण किया। कथा में ठाकुरजी के प्रति असीम प्रेम के साथ पारिवारिक और सामाजिक परिस्थितियों से जुड़े प्रसंग भी प्रस्तुत किए गए। उन्होंने बताया कि रुक्मणीजी का द्वारिकाधीश श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम, भक्ति, समर्पण और विश्वास कितना उत्कृष्ट था। महाराजश्री ने कहा कि जो प्रभु से सच्चा प्रेम करते हैं, प्रभु सदैव उनके पास रहते हैं। सच्चे भाव से अपना सर्वस्व प्रभु को समर्पित करने पर वे मनोकामना अवश्य पूर्ण करते हैं। रुक्मणीजी की तरह जो प्रभु की प्राप्ति की कामना और साधना करता है, उसे प्रभु अवश्य मिलते हैं। प्रभु के प्रति भक्ति और प्रेम कैसा होना चाहिए, यह रुक्मणीजी के जीवन से सीखा जा सकता है।

महाराजश्री ने बताया कि मेवाड़ धणी गढ़बोर चारभुजानाथ अब बारात लेकर यहां आने वाले हैं। अगले वर्ष 5 से 12 नवंबर तक श्रद्धालुओं को गढ़बोर चारभुजाजी का मायरा भरने के लिए जाना है। इस दौरान भागवत भक्ति की धारा प्रवाहित होगी।

कथा के दौरान उदासीन आश्रम के महामंडलेश्वर हंसाराम महाराज ने व्यासपीठ का अभिनंदन किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा 16108 तुलसी का शालिग्रामजी से विवाह कर भक्ति और श्रद्धा का नया इतिहास रचने जा रहा है। नेपाल से इतनी बड़ी संख्या में शालिग्रामजी के विग्रह यहां लाकर विवाह कराने की पहल सराहनीय है। उन्होंने आयोजन समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि मेवाड़ धणी गढ़बोर चारभुजाजी के ठाकुरजी बारात लेकर भीलवाड़ा आ रहे हैं और श्रद्धालुओं को तुलसी-शालिग्रामजी के इस भव्य विवाह आयोजन का साक्षी बनने का अवसर मिल रहा है।

कथा के दूसरे दिन विश्राम पर व्यासपीठ का स्वागत और अभिनंदन करने वालों में प्रधान कथा यजमान बालूलाल पोरवाल बड़लियास, कैलाश लाखोटिया परिवार, शकुन्तला चेचाणी और पंडित अशोक व्यास शामिल रहे। कथा के समापन पर हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से व्यासपीठ की आरती की। मुख्य आचार्य योगेन्द्र शर्मा के मार्गदर्शन में डॉ. हंसा व्यास ने मंच संचालन किया।

आयोजन समिति के गोविन्द भाटिया, रमेश त्रिपाठी, परमेश्वर पाराशर सहित कई कार्यकर्ता कथा स्थल पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यवस्थाओं में जुटे रहे। गुरुवार सुबह 10 बजे से मेडिसिटी ग्राउंड में भात मनोरथ आयोजित होगा। इसके बाद दोपहर 1 से 4 बजे तक रुक्मणी मंगल कथा होगी।

महामहोत्सव के तहत मंगलवार रात 8 बजे से महारास और संगीत संध्या का आयोजन भी हुआ। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तुलसी महारानीजी और ठाकुरजी के विवाह के उल्लास में श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य करते नजर आए। महारास का विशेष आकर्षण कोटा से आमंत्रित राधा-कृष्ण समूह की प्रस्तुति रही। समूह ने राजस्थानी वेशभूषा में सामूहिक घूमर और महारास प्रस्तुत किया। भीलवाड़ा के कई कलाकारों ने भजनों और गीतों के माध्यम से ठाकुरजी की भक्ति की। इस आयोजन में प्रेम, श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story