भीलवाड़ा: हाईवे पर ट्रक चालक की साइलेंट हार्ट अटैक से मौत
पुणे से लुधियाना जा रहे चालक ने सीने में दर्द होने पर ट्रक सुरक्षित खड़ा किया, दवा लेने जाते समय हुई मौत।

तस्वीर में नीली टी-शर्ट पहने व्यक्ति जमीन पर बैठे हुए बेसुध हालत में दिख रहे हैं।
भीलवाड़ा। अपनों की खुशियों और रोजी-रोटी के लिए हजारों किलोमीटर का सफर तय करने वाले 55 वर्षीय ट्रक चालक कुलविंदर सिंह की जिंदगी का सफर रविवार को जयपुर-उदयपुर नेशनल हाईवे पर अचानक थम गया। जालंधर निवासी कुलविंदर सिंह को ट्रक चलाते समय सीने में तेज दर्द उठा। उन्होंने ट्रक सुरक्षित खड़ा किया और दवा लेने के लिए पैदल मेडिकल स्टोर की ओर बढ़े, लेकिन दवा लेने से कुछ कदम पहले ही गश खाकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पंजाब के जालंधर (फिलोर बुंडाला) निवासी कुलविंदर सिंह पुत्र भजन सिंह पुणे से माल लादकर अपने गृह राज्य लुधियाना जा रहे थे। रविवार को उनका ट्रक जयपुर-उदयपुर नेशनल हाईवे पर मांडल क्षेत्र के नानकपुरा गुरुद्वारे के सामने पहुंचा। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और सीने में तीव्र दर्द महसूस हुआ।
असहनीय दर्द के बावजूद कुलविंदर सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा किया, ताकि हाईवे पर कोई बड़ा हादसा न हो। इसके बाद वे दवा लेने के लिए गुरुद्वारे के सामने स्थित 'पवन मेडिकल' की ओर पैदल बढ़े। हालांकि, मेडिकल स्टोर तक पहुंचने से महज कुछ कदम पहले ही वे अचानक गश खाकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
दिनदहाड़े हाईवे पर चालक को अचानक इस तरह गिरते देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस पायलट प्रभु प्रजापत, मेल नर्स सतवीर सिंह तथा नानकपुरा पुलिस चौकी के कांस्टेबल देवेंद्र सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मांडल उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया।
चिकित्सकों के अनुसार प्राथमिक जांच में मौत का कारण 'साइलेंट हार्ट अटैक' माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
इधर, पंजाब में कुलविंदर सिंह के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। जिस घर में उनके लौटने की राह देखी जा रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
