भीलवाड़ा: परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह को दी गई श्रद्धांजलि
सतत सेवा संस्थान द्वारा एम.एल.वी. टेक्सटाइल कॉलेज में शौर्य गाथा और काव्यपाठ के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने हेतु कार्यक्रम आयोजित।

भीलवाड़ा के एम.एल.वी. टेक्सटाइल कॉलेज में नायक जदुनाथ सिंह के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पुष्पांजलि अर्पित करते अतिथि और उपस्थित विद्यार्थी।
भीलवाड़ा। सतत सेवा संस्थान के तत्वावधान में परमवीर चक्र विजेता नायक यदुनाथ सिंह के बलिदान दिवस के अवसर पर एम.एल.वी. टेक्सटाइल कॉलेज, भीलवाड़ा में एक गरिमामय एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एवं श्रद्धांजलि
- कार्यक्रम की शुरुआत परमवीर चक्र विजेता नायक यदुनाथ सिंह जी की तस्वीर पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
- राष्ट्रगान के पश्चात उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने परमवीर नायक जदुनाथ सिंह के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित करके श्रद्धांजलि अर्पित की।
अतिथि संबोधन एवं स्वागत
कार्यक्रम के अध्यक्ष कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद वशिष्ठ ने अपने स्वागत भाषण में "नायक जदुनाथ सिंह के बलिदान से प्रेरणा लेने का भी संदेश दिया।" धन्यवाद ज्ञापन प्रो. के जी भदादा ने किया।
उपस्थित गणमान्य अतिथि
इस अवसर पर सतत सेवा संस्थान के निम्नलिखित पदाधिकारी उपस्थित रहे:
- श्री चंद्रशेखर शर्मा (संस्थापक)
- कवि योगेंद्र शर्मा (संस्था के अध्यक्ष)
- रजनीकांत आचार्य (संगठन मंत्री)
- पंकज अग्रवाल (महामंत्री)
- गजानंद बोहरा (मीडिया प्रभारी)
संस्थान की गतिविधियां एवं सेना मित्र प्रकल्प
कार्यक्रम में संस्थापक चंद्रशेखर शर्मा ने संस्थान की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि "संस्थान द्वारा सैनिकों एवं शहीदों के सम्मान, सहयोग और कल्याण हेतु निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।" उन्होंने संस्थान द्वारा संचालित 'सेना मित्र प्रकल्प' के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोग स्वेच्छा से आगे आकर सैनिकों के समर्थन में जुड़ रहे हैं।
शौर्य गाथा एवं काव्यपाठ
कवि योगेंद्र शर्मा ने परमवीर चक्र विजेता नायक यदुनाथ सिंह के अद्वितीय शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण जीवन पर प्रकाश डालने के पश्चात अपनी कविता के माध्यम से उनकी विलक्षण वीरता और देशप्रेम का भावपूर्ण चित्रण किया। उनके काव्यपाठ के दौरान युवाओं में जोश और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना का ज्वार दर्शनीय था। यूँ लग रहा था कि उपस्थित युवा श्रोताओं के रोंगटे खड़े हो गए। सभागार बार-बार भारत माता की जयकार तथा वंदे मातरम् के गगनभेदी नारों से गूंज रहा था।
आभार एवं समापन
कार्यक्रम के अंत में प्रो. के जी भदादा ने कॉलेज की ओर से सतत सेवा संस्थान के समस्त कार्यकर्ताओं का आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि "ऐसे कार्यक्रम छात्रों के लिए प्रेरणादायक साबित होते हैं।" उन्होंने कहा कि बलिदानियों के शौर्य, प्रेरणा के ऐसे कार्यक्रम युवा जनमानस में राष्ट्रप्रेम की भावना को सशक्त करते हैं और शिक्षण संस्थानों में निरंतर ऐसे कार्यक्रम होते रहने चाहिए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
