भीलवाड़ा। भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ रेलमार्ग पर शनिवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में एक 45 वर्षीय प्रौढ़ की दर्दनाक मौत हो गई। समेलिया फाटक अंडरब्रिज के पास घटित इस घटना में उदयपुर-ऋषिकेश एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति का शरीर क्षत-विक्षत हो गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौके पर चारों ओर खून बिखर गया और ट्रेन को घटनास्थल पर ही करीब 15 मिनट तक खड़ा रहना पड़ा। ट्रेन के लोको पायलट द्वारा स्टेशन मास्टर को सूचना दिए जाने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में कोतवाली, प्रतापनगर, पुर सहित आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) चौकी का जाब्ता मौके पर पहुंचा।

कोतवाली थाने के एएसआई मदनलाल सुथार ने बताया कि मृतक के पास मिले मोबाइल नंबर के जरिए परिजनों से संपर्क साधा गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे शशांक झंवर ने मृतक की शिनाख्त अपने भाई मनीष कुमार (45) पुत्र कृष्णगोपाल झंवर, निवासी आरसी व्यास कॉलोनी के रूप में की। घटनास्थल पुर थाना क्षेत्र में होने के कारण पुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस की प्रारंभिक वैधानिक कार्रवाई के पूर्ण होने के पश्चात ही ट्रेन अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सकी।

इसी क्रम में जिले में दो अन्य असामयिक मौतों के मामले भी सामने आए हैं। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के सांगानेर, रामदेव नगर निवासी किशन (33) पुत्र रतनलाल टेलर की उपचार के दौरान मौत हो गई। एएसआई रतनलाल अटारिया के अनुसार किशन ने 2 अप्रैल को घर में रखी किसी दवा का सेवन कर लिया था, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। मृतक के काका राजेश टेलर की रिपोर्ट पर पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू कर दी है। उधर, हमीरगढ़ थाना इलाके के आमलीपुरावतान गांव में 65 वर्षीय लाली पत्नी रामप्रसाद शर्मा की घर पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस इन सभी मामलों की गहनता से पड़ताल कर रही है। इन घटनाओं ने जिले में शोक की लहर दौड़ा दी है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story