भीलवाड़ा। भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ रेल लाइन पर शुक्रवार सुबह उदयपुर-जयपुर इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आने से कोटा के 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मंडपिया रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर आगे हुए इस हादसे में युवक का शरीर टुकड़ों में बंट गया। मौके पर पहुंचे जीआरपी के जवानों ने शव के टुकड़ों को एकत्रित कर गठरी में बांधा और मोर्चरी पहुंचाया। शुरुआती जांच में युवक की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन जीआरपी ने अथक प्रयासों के बाद उसकी पहचान कोटा जिले के घनश्याम गोचर के रूप में की।

जीआरपी चौकी प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह मंडपिया रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर आगे हमीरगढ़ स्टेशन की ओर एक युवक हाईवे से नीचे उतरकर रेलवे ट्रैक के दूसरी ओर जा रहा था। इसी दौरान वह उदयपुर से जयपुर जा रही इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक के शरीर के चीथड़े उड़ गए और शव टुकड़ों में बंट गया।

घटना के दौरान लोको पायलट ने ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। ट्रेन करीब एक मिनट तक मौके पर रुकी रही। इसके बाद लोको पायलट ने वॉकी-टॉकी के जरिए भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर जीआरपी स्टाफ को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल से शव के टुकड़े एकत्रित किए और उन्हें गठरी में बांधकर मोर्चरी भिजवा दिया।

मोबाइल भी हादसे में हुआ चकनाचूर

हादसे में युवक के पास मौजूद मोबाइल फोन भी पूरी तरह चकनाचूर हो गया। जीआरपी ने मोबाइल के टुकड़ों को भी एक-एक कर एकत्रित किया, ताकि युवक की पहचान करने में मदद मिल सके। शुरुआती तौर पर जीआरपी को आशंका थी कि मृतक किसी फैक्ट्री में मजदूरी करता होगा। इस आधार पर पुलिस ने आसपास के इलाकों में स्थित फैक्ट्रियों से संपर्क कर युवक के संबंध में जानकारी जुटाई।

कोटा जिले के मोराना झांडगांव का निवासी था घनश्याम

जीआरपी चौकी प्रभारी एएसआई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि लगातार प्रयासों के बाद मृतक की पहचान कोटा जिले के मोराना झांडगांव के गुर्जर मोहल्ला निवासी घनश्याम पुत्र हजारीलाल गोचर, उम्र 21 वर्ष, के रूप में हुई। घनश्याम वर्तमान में यहां एक फैक्ट्री में मजदूरी कर रहा था। हादसे के बाद जीआरपी ने शव की पहचान के लिए प्रयास किए, जिसके बाद युवक के नाम और निवास की पुष्टि हो सकी।

Updated On
Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story