भीलवाड़ा के पुराने शहर में बड़े मंदिर के पास स्थित गुलमंडी और सराफा बाजार के व्यापारियों ने अधूरी सड़क निर्माण परियोजना और प्रशासन की अनदेखी के विरोध में बुधवार को मोर्चा खोल दिया। व्यापारियों का आरोप है कि छह महीने पहले अतिक्रमण हटाने के नाम पर तोड़-फोड़ की गई, लेकिन उसके बाद सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे स्थानीय व्यापार और आमजन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

विरोध के तहत पुराने शहर के सराफा सहित अन्य कारोबारियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। व्यापारियों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होने से क्षेत्र में लगातार परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।

व्यापारियों के अनुसार, सड़क अधूरी होने के कारण उड़ रही धूल-मिट्टी से स्थानीय लोगों और दुकानदारों को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार धूल उड़ने से दुकानों का कीमती फर्नीचर खराब हो रहा है। इसके अलावा दुकानों के बाहर लगे महंगे सीसीटीवी कैमरे और एसी भी धूल की चपेट में आने से खराब होने की कगार पर पहुंच गए हैं।

व्यापारियों ने प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी और न ही संबंधित ठेकेदार ने क्षेत्र की सुध ली। उनका कहना है कि अधूरा पड़ा निर्माण कार्य लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बना हुआ है।

स्थानीय व्यापारी चेतन प्रकाश सोनी ने कहा, "60% सड़क तो बन गई है, लेकिन पीछे का 40% हिस्सा अभी भी अधूरा है। इसके विरोध में आज हमने बाजार बंद रखकर धरना-प्रदर्शन किया है।"

व्यापारियों ने प्रशासन और उच्च अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का जल्द से जल्द कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा उग्र आंदोलन किया जाएगा। अधूरी सड़क और लंबित निर्माण कार्य को लेकर शुरू हुआ यह विरोध अब प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती बनता दिखाई दे रहा है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story