भीलवाड़ा। जहाजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाकर जानलेवा हमला करने के मामले में एक महीने से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रूणिया बरड़ा निवासी मुकेश मीणा (22) पुत्र हेमराज मीणा और शैतान सिंह मीणा (42) पुत्र भूरालाल मीणा को पुलिस ने पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों आरोपी अवैध बजरी परिवहन के दौरान पुलिस कार्रवाई से बचकर फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस अब अवैध बजरी कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

घटना 16 अक्टूबर 2026 की शाम की है। जहाजपुर थानाधिकारी दयाराम चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। शाम करीब 5:50 बजे भुवाना तेजा की झोपड़ियों के पास बजरी से भरा बिना नंबर का लाल महिंद्रा ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन उसने ट्रैक्टर रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों पर चढ़ाने का प्रयास किया।

आरोप है कि चालक ने हत्या की नीयत से तेज रफ्तार ट्रैक्टर महिला कांस्टेबल ममता की स्कूटी पर चढ़ा दिया। इसके बाद वह ट्रैक्टर लेकर छाबड़िया बरड़ा की ओर फरार हो गया। पुलिस टीम पर हमले की सूचना के बाद पुलिस महकमे में अलर्ट जारी किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जहाजपुर पुलिस ने ट्रैक्टर का पीछा किया। इस दौरान शक्करगढ़ थाना पुलिस को भी कार्रवाई में शामिल किया गया। पुलिस और आरोपियों के बीच करीब ढाई घंटे तक पीछा चला। लगभग 68 किलोमीटर तक चले इस पीछा अभियान के बाद पुलिस ने शक्करगढ़ क्षेत्र के नाथादंड गांव के पास घेराबंदी कर बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया।

हालांकि, उस रात अंधेरे का फायदा उठाकर मुख्य चालक सहित कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने तब दो आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद से मुकेश मीणा और शैतान सिंह मीणा फरार चल रहे थे। करीब एक महीने तक पुलिस से बचने के बाद दोनों को अब गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच का उद्देश्य अवैध बजरी परिवहन के पूरे नेटवर्क, इसमें शामिल आरोपियों के आकाओं और वारदात के बाद से फरार अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाना है। पुलिस इस मामले में अवैध बजरी कारोबार से जुड़े पूरे सिंडिकेट की जानकारी जुटाकर फरार आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story