भीलवाड़ा जिले के पुर थाना क्षेत्र के बोरडा गांव में रविवार को खेत पर जा रहे दो सगे भाइयों के साथ हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से 33 वर्षीय राजू मीणा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनके छोटे भाई दिनेश मीणा बाल-बाल बच गए। घटना के बाद किशनावतो की खेड़ी गांव में शोक छा गया और परिवार में चीख-पुकार मच गई।

पुर थाने के सहायक उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र मीणा ने बताया कि किशनावतो की खेड़ी निवासी किशन लाल मीणा के दो बेटे, 33 वर्षीय राजू और उनके छोटे भाई दिनेश मीणा, रविवार दोपहर घर से पैदल खेत की ओर जा रहे थे। दोनों बोरडा गांव के क्षेत्र में खेत के रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक स्वराज ट्रैक्टर के चालक ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए राजू को टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से राजू गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उनके साथ चल रहे दिनेश मीणा इस हादसे में सुरक्षित बच गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल राजू को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई। पुलिस ने जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराने के बाद राजू का शव परिजनों को सौंप दिया।

राजू की मौत की खबर किशनावतो की खेड़ी पहुंचते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच-पड़ताल जारी है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story