भीलवाड़ा में तीन अलग-अलग सड़क व रेल हादसों में बुजुर्ग, युवक और मासूम की मौत
रायला में ट्रेन की चपेट में आने, पारोली में अज्ञात वाहन की टक्कर और एनएच-48 पर सीमेंट बल्कर की चपेट में आने से तीन लोगों की जान गई व दो घायल हुए।

भीलवाड़ा जिले में रविवार को तीन अलग-अलग हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। रायला में ट्रेन की चपेट में आने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। पारोली में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 28 वर्षीय बाइक सवार ने दम तोड़ दिया, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, नेशनल हाईवे-48 पर सीमेंट बल्कर की टक्कर से 10 वर्षीय मासूम की जान चली गई और उसकी मां घायल हो गई।
रायला थाना क्षेत्र में भीलवाड़ा-अजमेर रेल मार्ग पर रविवार को ट्रेन की चपेट में आने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रायला फाटक और रेलवे पुलिया के बीच हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग का शव कई टुकड़ों में बंटकर रेलवे ट्रैक पर बिखर गया। पुलिस को शव के टुकड़े एकत्रित कर गठरी में बांधकर मोर्चरी भिजवाने पड़े।
रायला थाने के सहायक उपनिरीक्षक श्याम सुंदर ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति के ट्रेन से कटने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव कई टुकड़ों में पड़ा था। शव की हालत ऐसी नहीं थी कि चेहरे से पहचान की जा सके। ऐसे में पुलिस ने मृतक के हाथ पर गुदे 'रमेश' नाम के आधार पर आसपास छानबीन शुरू की।
कुछ ही देर में मृतक की पहचान छीपों का मोहल्ला, रायला निवासी रमेश (60) पुत्र कल्याणमल टेलर के रूप में हुई। उनके भतीजे गोपाल लाल ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रायला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। सोमवार को पोस्टमार्टम करवाया गया।
उधर, अजमेर से भीलवाड़ा की ओर जा रही ट्रेन के पायलट ने हादसे की सूचना स्टेशन मास्टर को दी थी। पायलट के अनुसार, ट्रेन आने से ठीक पहले बुजुर्ग रेलवे ट्रैक पर आकर बैठ गया था, जिसके चलते वह ट्रेन की चपेट में आ गया। फिलहाल पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि बुजुर्ग ने आत्महत्या की या वह किसी हादसे का शिकार हुए। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
दूसरी घटना पारोली थाना क्षेत्र में रविवार रात हुई, जहां तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान फलासेड़ निवासी कान्हा उर्फ कन्हैयालाल गुर्जर (28) के रूप में हुई है।
पारोली थाना प्रभारी कमलेश कुमार मीणा ने बताया कि कान्हा उर्फ कन्हैयालाल गुर्जर और रामलाल गुर्जर रविवार रात बाइक से फलासेड़ से कोटड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोटड़ी रोड के बीच एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कान्हा उर्फ कन्हैयालाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामलाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल रामलाल को प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में भीलवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक कान्हा का शव कोटड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। जवान बेटे की मौत की खबर फलासेड़ गांव पहुंचते ही शोक छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
तीसरा हादसा नेशनल हाईवे-48 पर सरेरी के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़ी पिकअप को पीछे से आए सीमेंट बल्कर ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पिकअप के पास खड़े 10 वर्षीय चिंटू कीर की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सुशीला देवी कीर घायल हो गईं। मां-बेटे मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले के रजौन, थाना बाबई के निवासी थे।
अभय कमांड भीलवाड़ा से मिली सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। गुलाबपुरा थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ लोग सरेरी पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे पिकअप खड़ी कर टॉयलेट के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से आए सीमेंट बल्कर ने खड़ी पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे में पास खड़े चिंटू कीर और उनकी मां सुशीला देवी कीर घायल हो गईं।
दोनों को तत्काल रायला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिंटू कीर ने दम तोड़ दिया। घायल सुशीला देवी का प्राथमिक उपचार करवाया गया। बेटे की मौत से मां सदमे में हैं। मासूम के शव का सोमवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसे के बाद सीमेंट बल्कर का चालक वाहन लेकर फरार हो गया और उसे लांबिया टोल के पास खड़ा कर दिया। पुलिस ने ट्रक को लांबिया टोल पर खड़ा करवाया है। पुलिस के मुताबिक, रिपोर्ट प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। भीलवाड़ा जिले में एक ही दिन हुए इन तीन हादसों में बुजुर्ग, युवक और मासूम की मौत से प्रभावित परिवारों में शोक का माहौल है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
