भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के कुम्हारिया गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब करीब दो सप्ताह से लापता एक युवक का शव उसी के खेत में पेड़ से लटका हुआ पाया गया। 13 दिनों से अपनों की राह ताक रहे परिजनों की उम्मीदें गुरुवार को उस समय मातम में बदल गईं, जब झाड़ियों के बीच से आ रही तीखी दुर्गंध ने एक खौफनाक सच से पर्दा उठाया। 36 वर्षीय रतन लाल गुर्जर का शव सड़ी-गली अवस्था में पेड़ से झूलता देख पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

घटनाक्रम के अनुसार, कुम्हारिया निवासी रतन लाल (36) पुत्र उदयलाल गुर्जर बीते 9 जनवरी को अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने अपने स्तर पर उसे हर संभावित स्थान पर तलाशा, लेकिन जब रतन का कहीं सुराग नहीं लगा, तो थक-हारकर पिता उदयलाल ने 19 जनवरी को मंगरोप थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन अनहोनी खेत की झाड़ियों के पीछे छिपी थी।

गुरुवार को जब उदयलाल अपने खेत पर पहुंचे, तो वहां फैली असहनीय दुर्गंध ने उन्हें चौंका दिया। बदबू का पीछा करते हुए जब वे झाड़ियों के करीब पहुंचे, तो वहां का दृश्य हृदयविदारक था। खाखरे के एक पेड़ पर साफी और रस्सी के फंदे के सहारे रतन का शव लटका हुआ था। लंबे समय बीत जाने के कारण शव काफी हद तक क्षत-विक्षत हो चुका था। पिता की सूचना पर मंगरोप थाना प्रभारी विजय मीणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर राजकीय अस्पताल भिजवाया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के पश्चात उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी विजय मीणा ने बताया कि मृतक रतन लाल चार भाइयों में सबसे छोटा था और स्वभाव से अत्यंत भोला था। परिवार में केवल एक भाई विवाहित है, जबकि रतन सहित तीन भाई अविवाहित थे। फिलहाल पुलिस ने इस मामले को प्रथम दृष्टया आत्महत्या मानते हुए जांच शुरू कर दी है, हालांकि युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा। इस दुखद घटना ने गांव में कई सवाल छोड़ दिए हैं और सुरक्षा व मानसिक स्वास्थ्य जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा छेड़ दी है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story