भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में जयपुर-उदयपुर नेशनल हाईवे-48 पर शनिवार अलसुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीकर से सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए जा रहा श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अचानक हाईवे पर गाय आ जाने से अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार एक ही परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट प्रभु प्रजापत और मेल नर्स गिरिराज पायक तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार देने के बाद घायलों को उप जिला चिकित्सालय, मांडल पहुंचाया गया।

हादसे में घायल सभी लोग सीकर निवासी बताए गए हैं, जो सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। दुर्घटना में संतोष पोद्दार (48), किशन पोद्दार (45), दुर्गा पोद्दार (44), मनीषा पोद्दार (42), सीमा पोद्दार (36) और विनय पोद्दार (23) गंभीर रूप से घायल हो गए।

मांडल उप जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। मृत गाय के शव और दुर्घटनाग्रस्त टेंपो ट्रैवलर को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। हादसे के कारण लंबे समय तक हाईवे पर वाहनों की कतार लगी रही।

यह हादसा एक बार फिर नेशनल हाईवे पर आवारा पशुओं की मौजूदगी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर गया है, जहां एक श्रद्धालु परिवार की यात्रा कुछ ही क्षणों में हादसे में बदल गई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story