भीलवाड़ा जिले के कारोई थाना पुलिस ने टेम्पो चालक पर जानलेवा हमला कर तरबूज से भरा टेम्पो और मोबाइल लूटने के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी नारू उर्फ नारायण बैरवा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साइबर सेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसमें दुष्कर्म और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।

कारोई थानाधिकारी सियाराम ने बताया कि 28 मई 2026 को दौलपुरा निवासी 22 वर्षीय बबलू गुर्जर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 25 मई को राशमी निवासी नारायण लाल बैरवा ने बबलू का टेम्पो 1000 रुपये किराये पर लिया था।

आरोपी ने टेम्पो में 30 क्विंटल तरबूज भरवाए और उन्हें किसी फार्म हाउस पर पहुंचाने की बात कही। जब चालक बबलू बताए गए स्थान पर पहुंचा तो वहां कोई फार्म हाउस नहीं मिला। इसके बाद उसने टेम्पो वापस घुमा लिया। इसी दौरान आरोपी नारायण ने बबलू की गर्दन पर किसी नुकीली चीज से दो वार कर दिए।

हमले के बाद बबलू किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागा और थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। वहीं आरोपी नारायण तरबूज से भरा टेम्पो और बबलू का मोबाइल लेकर फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

भीलवाड़ा एसपी सागर राणा के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सहाड़ा) बुद्धराज और डीएसपी (गंगापुर) सुदर्शन पालीवाल के सुपरविजन में कारोई थानाधिकारी सियाराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने साइबर सेल भीलवाड़ा की तकनीकी सहायता ली। पुलिस ने घटनास्थल और संभावित रास्तों के आसपास लगे 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और रूट चार्ट तैयार किया। सूचना संकलन और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने वांछित आरोपी नारायण को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस फिलहाल लूटे गए माल की बरामदगी के प्रयास कर रही है। गिरफ्तार आरोपी नारू उर्फ नारायण (31), पुत्र श्योराम उर्फ सवाईराम बैरवा, निवासी गेगपुरा, थाना राशमी (चित्तौड़गढ़) का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ पहले भी गंभीर मामलों में प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें दुष्कर्म और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।

पुलिस की कार्रवाई से टेम्पो चालक पर हमला कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी तक पहुंच बनाई गई है और अब लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story