भीलवाड़ा। शहर के निकटवर्ती सुवाणा गांव में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें न तो कानून का भय है और न ही खाकी का खौफ। महज़ बुलेट से पटाखे फोड़ने और शोर मचाने से रोकने जैसी मामूली बात पर दबंगों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है और ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना घर कर गई है।

घटना सुवाणा के भांभी मोहल्ले की है, जहाँ मासूम के डरने पर टोकना एक परिवार को भारी पड़ गया। पीड़ित छगनलाल (35) पुत्र हेमराज बुनकर ने अस्पताल में आपबीती बताते हुए कहा कि गुरुवार रात वह अपने घर में मौजूद था। इसी दौरान गांव के ही दो लड़के बुलेट लेकर आए और उसके घर के ठीक सामने कानफोड़ू धमाके (साइलेंसर से पटाखे) करने लगे। इन तेज आवाजों से घर में मौजूद छोटी बच्ची बुरी तरह सहम गई और रोने लगी। जब छगनलाल ने बाहर निकलकर शालीनता के साथ उन्हें शोर न करने और वहां से जाने को कहा, तो आरोपी भड़क उठे। वे गाली-गलौज पर उतारू हो गए और पीड़ित का जातिगत अपमान करने लगे।

विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोपी पवन जाट ने तैश में आकर छगनलाल के घुटने पर चाकू से गहरा वार कर दिया। सरेआम हुई इस चाकूबाजी में छगनलाल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ फिलहाल उसका उपचार जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। पुलिस दीवान जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर मुख्य आरोपी पवन जाट और उसके साथी पिंटू उर्फ शुभम के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, जो शांतिपूर्ण ग्रामीण परिवेश में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति और दबंगई की गंभीर तस्वीर पेश करती है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story