भीलवाड़ा: गांधीनगर क्षेत्र में मिला संदिग्ध मांस, पुलिस जांच में जुटी
श्रीनाथ कॉलोनी के पास पीपल के पेड़ के नीचे संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

भीलवाड़ा के गांधीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह संदिग्ध मांस मिलने की सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची।
भीलवाड़ा। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह शारदा चौराहे से कुछ ही दूरी पर श्रीनाथ कॉलोनी के पास पीपल के पेड़ के नीचे संदिग्ध मांस का लोथड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती आशंका में इसे भ्रूण बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि संदिग्ध लोथड़े को छिपाने या नष्ट करने के उद्देश्य से उस पर कोई ज्वलनशील पदार्थ भी डाला गया हो सकता है। घनी आबादी वाले क्षेत्र और चौराहे के नजदीक इस तरह की संदिग्ध वस्तु मिलने से लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। लोग यह जानने को लेकर चिंतित रहे कि आखिर इसे वहां किसने और क्यों फेंका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधीनगर थाना प्रभारी पुष्पा कसौटिया पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और संदिग्ध मांस के लोथड़े को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस उसे जांच के लिए महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंची।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि संदिग्ध लोथड़ा वास्तव में क्या है और किसका है। इसकी वास्तविक प्रकृति की पुष्टि चिकित्सकीय रिपोर्ट तथा एफएसएल या पैथोलॉजिकल जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदिग्ध लोथड़ा वहां कौन छोड़कर गया। जांच रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ही घटना से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
