भीलवाड़ा जिले में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया। भीमगंज थाना क्षेत्र में मोबाइल देखने से रोकने और मां की डांट से नाराज होकर आठवीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा घर से बिना बताए निकल गई और लापता हो गई। वहीं शंभुगढ़ थाना क्षेत्र के गजसिंहपुरा गांव में खेत पर गए सातवीं कक्षा के 12 वर्षीय छात्र मनीष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

भीलवाड़ा शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली 14 वर्षीया किशोरी स्थानीय स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा है। बुधवार को वह घर पर बैठकर मोबाइल फोन देख रही थी। इसी दौरान उसकी मां ने उसे मोबाइल देखने से कड़ाई से मना करते हुए डांट दिया। मां की डांट से नाराज होकर किशोरी शाम करीब पौने पांच बजे बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गई। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।

काफी देर तक छात्रा के घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। छात्रा के सिर से पहले ही पिता का साया उठ चुका है। उसकी मां ने पड़ोसियों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मजबूर मां ने भीमगंज थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि नाबालिग जब घर से निकली थी, तब उसने ब्लैक-रेड कलर की शॉर्ट कुर्ती और ब्लैक जींस पहन रखी थी तथा सफेद चुन्नी से अपना चेहरा बांधा हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए भीमगंज थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। पुलिस शहर के चप्पे-चप्पे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि किशोरी के घर से निकलने के बाद किस रास्ते और किस दिशा में जाने की जानकारी मिल सके। एहतियात के तौर पर भीलवाड़ा जिले के सभी थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

इसी बीच भीलवाड़ा जिले के शंभुगढ़ थाना क्षेत्र के गजसिंहपुरा गांव में बुधवार को एक 12 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। गजसिंहपुरा निवासी शांतिलाल भील का 12 वर्षीय बेटा मनीष सातवीं कक्षा में पढ़ता था। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे वह खेत पर गया था। उसे खेत से लौटकर स्कूल जाना था, लेकिन वह समय पर घर नहीं लौटा।

काफी देर तक मनीष के वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। जब वे खेत पर पहुंचे तो मनीष मृत अवस्था में पड़ा मिला। बेटे को मृत देखकर परिजनों की चीत्कार फूट पड़ी और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सूचना मिलने पर शंभुगढ़ थाने के सहायक उप निरीक्षक दीपेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी पहुंचाया। वहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव गमगीन माहौल में परिजनों को सौंप दिया गया।

प्रारंभिक जांच में छात्र की मौत अचानक तबीयत बिगड़ने या खेत पर किसी जहरीले जंतु यानी कीड़े-मकोड़े के काटने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के असली और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। शंभुगढ़ पुलिस मामले की हर पहलू से गहराई से जांच कर रही है।

महज 12 साल की उम्र में मनीष की मौत से गजसिंहपुरा गांव में शोक छा गया। उसकी अचानक और अकाल मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा रहा, चूल्हे नहीं जले और ग्रामीण पीड़ित परिवार के दुख में शामिल रहे। वहीं भीमगंज थाना क्षेत्र में लापता हुई 14 वर्षीय छात्रा की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story