भीलवाड़ा में 11 जुलाई से राज्य स्तरीय 14 वर्षीय बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का होगा आयोजन
भीलवाड़ा को एक बार फिर मिली राज्य स्तरीय 14 वर्षीय बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी। 11 से 13 जुलाई तक होने वाले इस आयोजन के लिए जिला टीम की ट्रायल 7 जुलाई को होगी। जानिए क्या है पूरी तैयारी और चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी।

तस्वीर में भीलवाड़ा में फुटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर बैठक में चर्चा करते पदाधिकारी मौजूद हैं।
भीलवाड़ा जिले के खेल जगत में 11 जुलाई से एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। राजस्थान फुटबॉल संघ एवं जिला फुटबॉल संघ भीलवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में 11 जुलाई से 13 जुलाई तक राज्य स्तरीय 14 वर्षीय बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। संघ के अध्यक्ष लादू लाल तेली ने जानकारी देते हुए बताया कि भीलवाड़ा में आयोजित हुई लगातार शानदार प्रतियोगिताओं की सफलता को देखते हुए राजस्थान फुटबॉल संघ ने एक बार पुनः विश्वास जताते हुए 14 वर्षीय बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी भीलवाड़ा को सौंपी है। इसे जिले के लिए बड़े सौभाग्य की बात बताते हुए उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से इस आयोजन को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। संघ के सचिव कैलाश चंद्र खटीक ने प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि भीलवाड़ा जिले की टीम के गठन के लिए खिलाड़ियों की ट्रायल 7 जुलाई को भीमगंज विद्यालय स्थित मोदी ग्राउंड के मैदान पर शाम 5 बजे आयोजित की जाएगी। इसमें वही खिलाड़ी भाग ले सकते हैं जिनकी आयु 1 जनवरी 2013 से 31 दिसंबर 2014 के मध्य हो। ट्रायल का संचालन और खिलाड़ियों का चयन ओम प्रकाश काबरा एवं शंकर लाल जीनगर की देखरेख में किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन भी इसी मैदान पर होगा, जिसके सफल संचालन की पूरी जिम्मेदारी महेश शर्मा और मिथलेश मारु को सौंपी गई है। इस घोषणा के दौरान विशिष्ट विश्नोई, भेरू लाल जीनगर, दुर्गेश जोशी, अनिल व्यास, कैलाश चंद्र कोठारी, डाल चंद खटीक और पारस कुमार छापरवाल सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
