भीलवाड़ा: राज्य कला प्रदर्शनी में 'वन्दे मातरम्' के 150 वर्ष पर उमड़ी भीड़
आकृति कला संस्थान द्वारा आयोजित 4 दिवसीय शिविर के दूसरे दिन 60 कलाकारों ने तिरंगे के तीन रंगों में भारत की गौरवगाथा और सांस्कृतिक महिमा को कैनवास पर उकेरा।

स्थानीय आकृति कला संस्थान द्वारा रमा कत्थक संस्थान के सहयोग से आयोजित ’विश्व कला दिवस 2026’ के उपलक्ष्य में चार दिवसीय राज्य स्तरीय कला प्रदर्शनी के दूसरे दिन राष्ट्रीयता का अनूठा संगम देखने को मिला। आयोजन के दूसरे दिन आयोजित विशेष कार्यशाला में कलाकारों ने राष्ट्रीय गीत 'वन्दे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर तिरंगे के तीन रंगों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक महिमा को कैनवास पर उकेरा। युवा और वरिष्ठ कलाकारों की कूचियों से निकली कलाकृतियों ने वन्दे भारत की पावन कामना को साकार करते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
संस्थान के सचिव कैलाश पालिया ने प्रदर्शनी के विस्तृत विवरण साझा करते हुए बताया कि इस वृहद आयोजन में समूचे राजस्थान के 60 उत्कृष्ट कलाकारों की सहभागिता रही है। प्रदर्शनी में जलरंग, एक्रेलिक माध्यम, मिक्स मीडिया, मॉडर्न आर्ट, तेल माध्यम, ड्राइंग और प्रिंट मेकिंग जैसी विविध विधाओं में निर्मित कुल 120 कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी के साथ समानांतर चल रहे चार दिवसीय चित्रकार शिविर में युवा प्रतिभाओं अन्नु प्रजापत, अनुष्का पाराशर, शांतिलाल गाडरी, उमंग उपाध्याय सहित बाल कलाकार भूवी केशवानी, चन्द्रशेखर कुम्हार, आर्या माहेश्वरी और ओमीशा शर्मा ने तिरंगे के रंगों को आधार बनाकर वन्दे भारत की संकल्पना पर आधारित कलाकृतियों का सृजन किया।
कला जगत के इस समागम में जयपुर के किशन खटीक, लाल चन्द, ओमीशा शर्मा, मिताशा शर्मा, आशु जांगिड़, प्राची शर्मा, अंकु जांगिड़, अभिलाषा भारतीय, अरूण कुमार, राकेश कुम्हार, ब्रजेश अग्रवाल और संत कुमार विश्नोई जैसे प्रतिष्ठित कलाकारों की कृतियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं, जिन्हें कलाप्रेमियों द्वारा अत्यधिक सराहा जा रहा है। राजस्थान की कला संस्कृति को समर्पित यह प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक आम जन और कलाप्रेमियों के अवलोकन हेतु खुली रहेगी, जो प्रदेश की उभरती और स्थापित कला प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान कर रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
