भीलवाड़ा में विशेष राजस्व शिविर शुरू, मौके पर ही होगा मामलों का निस्तारण
विकसित भारत अभियान के तहत 28 सितंबर तक लगने वाले इन शिविरों में नामांतरण, सीमाज्ञान और विभिन्न प्रमाण पत्र तुरंत बनाए जाएंगे।

भीलवाड़ा में विशेष राजस्व शिविरों की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई।
भीलवाड़ा जिले में 26 से 28 सितंबर 2026 तक प्रत्येक गिरदावर सर्किल मुख्यालय/भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त मुख्यालय पर विशेष राजस्व शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में लंबित राजस्व प्रकरणों के साथ नए मामलों का भी मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा। खातों के विभाजन, नामान्तरण, रास्ते, सीमाज्ञान, जाति, मूल निवास और हैसियत प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न कार्यों में आमजन को राहत देने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
राज्य में जन सेवा, सामाजिक सरोकार और सुशासन को सुदृढ़ करने तथा विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत पात्र आमजन को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ये शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पंचायती राज विभाग के निर्देश के क्रम में जिला कलेक्टर के निर्देशन में उपखण्ड अधिकारियों द्वारा शिविर प्रतिदिन प्रातः 09.30 बजे से सायं 06.00 बजे तक संचालित किए जाएंगे। शिविरों के लिए उपखण्ड अधिकारी/तहसीलदार/बीडीओ को प्रभारी तथा भू-अभिलेख निरीक्षक को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने बताया कि शिविरों में पूर्व में लम्बित रहे राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने के साथ नए प्रकरणों का भी मौके पर ही समाधान किया जाएगा। शिविरों में राजस्व अभिलेख/खातों का शुद्धिकरण, आपसी सहमति से खातों का विभाजन, रास्ते, नामान्तरण, सरकारी/चारागाह भूमि के अतिक्रमण, भूमिहीन किसानों को भूमि आवंटन और गैर खातेदारी से खातेदारी अधिकार से जुड़े मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
इसके साथ ही सीमाज्ञान/पत्थरगढ़ी, आबादी विस्तार एवं सार्वजनिक प्रयोजनार्थ भूमि आवंटन/आरक्षण, जाति/मूल निवास/हैसियत प्रमाण-पत्र जारी करने तथा फॉर्मर रजिस्ट्री से संबंधित कार्य भी किए जाएंगे। ऊर्जा विभाग, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग से संबंधित विभिन्न प्रकार के कार्यों का भी शिविरों में निस्तारण किया जाएगा।
जिला कलेक्टर ने शिविरों के सफल आयोजन के लिए पूर्व तैयारी के तहत सभी संबंधित विभागों एवं जिले के समस्त उपखंड अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित शिविरों की सफल व प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित की जाए और आमजन को ज्यादा से ज्यादा राहत मिले।
बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन सुश्री हरीतिमा सहित अभियान से जुड़े समस्त विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वीसी के माध्यम से जिले के समस्त उपखंड अधिकारी भी बैठक से जुड़े। 26 से 28 सितंबर तक आयोजित होने वाले ये विशेष राजस्व शिविर लंबित प्रकरणों के निस्तारण और विभिन्न विभागीय सेवाओं को मौके पर उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन की अभियान आधारित व्यवस्था का हिस्सा हैं।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
