जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के मोखमपुरा गांव में रविवार अलसुबह दर्दनाक हादसे में मां के साथ घर के चौक में सो रही दो मासूम बहनों की जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई। परिजन दोनों बच्चियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने एक बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी बच्ची ने भीलवाड़ा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद मोखमपुरा और कान जी का खेड़ा गांव में मातम पसरा है।

रायपुर थाने के सहायक उप निरीक्षक सूरत सिंह के अनुसार करेड़ा थाना क्षेत्र के कान जी का खेड़ा गांव निवासी ज्ञानी देवी पत्नी जगदीश गुर्जर रक्षाबंधन का त्यौहार मनाने अपनी दो बेटियों के साथ पीहर मोखमपुरा आई हुई थीं। रविवार रात ज्ञानी देवी अपनी बेटियों कृष्णा (5) और भावना (3) के साथ घर के चौक में सो रही थीं। रविवार अलसुबह सांप ने दोनों बच्चियों को डस लिया।

इसी दौरान सांप ज्ञानी देवी के पैर पर भी चढ़ गया। नींद में ही उन्होंने पैर झटककर सांप को दूर फेंक दिया। कुछ देर बाद दोनों बच्चियों के चिल्लाने पर परिजनों को घटना का पता चला। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन दोनों बच्चियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर लेकर पहुंचे।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर में चिकित्सकों ने भावना को मृत घोषित कर दिया। वहीं कृष्णा की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल भीलवाड़ा रेफर किया गया। परिजन कृष्णा को लेकर भीलवाड़ा रवाना हुए, लेकिन गंगापुर क्षेत्र में ही उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार दोनों बच्चियों के पिता अहमदाबाद में रहते हैं। उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर में बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण एकत्रित हो गए। दो मासूम बहनों की मौत की खबर से हर कोई स्तब्ध रह गया और कुछ ही देर में गांव का माहौल गमगीन हो गया।

मोखमपुरा और कान जी का खेड़ा गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दो मासूम बच्चियों की एक साथ हुई दर्दनाक मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story