भीलवाड़ा में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लग्जरी और स्लीपर बसों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बस को जब्त (सील) कर दिया, जबकि दूसरी बस का चालान काटा गया। प्रदेश में लगातार हो रहे सड़क हादसों, बसों में आग लगने की घटनाओं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर एक माह का विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसी अभियान के तहत भीलवाड़ा में यह कार्रवाई की गई, जिससे बस संचालकों में हड़कंप मच गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ होटल लैंडमार्क ट्रेवल्स परिसर में अचानक दबिश देकर वहां खड़ी लग्जरी और स्लीपर बसों की सघन जांच की। कार्रवाई के दौरान दो बसों का निरीक्षण किया गया। जांच में नियमों की गंभीर अनदेखी पाए जाने पर एक बस को मौके पर ही जब्त (सील) कर दिया गया, जबकि दूसरी बस का चालान बनाया गया। अचानक हुई इस सख्त कार्रवाई के बाद ट्रेवल्स संचालकों में खलबली मच गई और स्लीपर व लग्जरी बसों का संचालन भी प्रभावित हुआ।

यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किए गए इस औचक निरीक्षण का नेतृत्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रश्मि आर्य ने किया। इस दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) श्रीमती देवांगनी ओदीच्य, जिला परिवहन विभाग के अधिकारी तथा पुलिस विभाग के आला अधिकारी और जाब्ता भी मौजूद रहा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विशेष अभियान पूरे एक महीने तक लगातार जारी रहेगा। इस अवधि में यदि सड़क पर परिवहन नियमों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित वाहनों और संचालकों के खिलाफ इसी प्रकार की कठोर कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य बसों में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, बसों में उपलब्ध सुरक्षा मानकों जैसे फायर एक्स्टिंग्विशर और इमरजेंसी गेट सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच करना तथा परिवहन नियमों की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित कराना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस कार्रवाई ने स्पष्ट संकेत दिया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अभियान के दौरान लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story