भीलवाड़ा के स्केटिंग खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 23 पदक जीतकर राजस्थान में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के बाद खिलाड़ियों और अभिभावकों ने विधायक अशोक कुमार कोठारी से मुलाकात कर पटेल नगर स्थित राष्ट्रीय स्तर के स्केटिंग ट्रैक को नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए स्थायी रूप से उपलब्ध कराने की मांग रखी।

रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडियन की राज्य स्तरीय स्केटिंग चैंपियनशिप में भीलवाड़ा के खिलाड़ियों ने 6 स्वर्ण, 11 रजत और 6 कांस्य पदक सहित कुल 23 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के लगभग 540 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। भीलवाड़ा ने पदक तालिका में प्रथम स्थान हासिल किया।

इस उपलब्धि के बाद स्केटिंग खिलाड़ियों और अभिभावकों के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक अशोक कुमार कोठारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नगर विकास न्यास ने पटेल नगर में लाखों रुपये की लागत से राष्ट्रीय स्तर का उत्कृष्ट स्केटिंग ट्रैक विकसित किया है। इसके निर्माण से शहर और जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलीं, जिसका परिणाम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन के रूप में सामने आया है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के साथ 11 से 14 नवंबर तक जयपुर में आयोजित राजस्थान स्केटिंग फेडरेशन की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी भीलवाड़ा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अब जिले के छह खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेकर भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों ने पटेल नगर स्थित स्केटिंग ट्रैक को नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए स्थायी रूप से उपलब्ध कराने की मांग की।

इस पर विधायक अशोक कुमार कोठारी ने तत्काल नगर विकास न्यास के सचिव को फोन कर खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास एवं प्रशिक्षण के लिए स्केटिंग ट्रैक स्थायी रूप से उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए ट्रैक के नियमित संचालन और स्थायी व्यवस्था के लिए भी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

आगामी 5 से 15 दिसंबर तक बेंगलुरु में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की स्केटिंग प्रतियोगिता में भीलवाड़ा के छह खिलाड़ी अनुज मेवाड़ा, दिया अग्रवाल, भव्या लाहोटी, शौर्यव्रत सिंह चावड़ा, आर्विग मालू एवं त्वष्ठा विश्नोई हिस्सा लेंगे।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में आर्विग मालू ने 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीता। अनुज मेवाड़ा ने 1 स्वर्ण और 2 रजत, त्वष्ठा विश्नोई ने 1 स्वर्ण और 2 रजत, भव्या लाहोटी ने 1 स्वर्ण और 2 रजत तथा शौर्यव्रत सिंह चावड़ा ने 1 स्वर्ण और 1 रजत पदक हासिल किया। वहीं, दिया अग्रवाल ने 2 रजत और 2 कांस्य पदक अपने नाम किए। इनके अलावा लवित्रा ने 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीता, जबकि सौरिश, कनिष्क एवं सैवी समदानी ने भी कांस्य पदक हासिल कर जिले की सफलता में योगदान दिया।

विधायक कोठारी ने सभी खिलाड़ियों को सद् साहित्य भेंट कर उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को उचित मंच, संसाधन और नियमित अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है। भीलवाड़ा के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से जिले को गौरवान्वित किया है। उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलें, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक कोठारी की त्वरित पहल और खिलाड़ियों की समस्या को गंभीरता से लेने पर उनका आभार व्यक्त किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 23 पदकों के साथ भीलवाड़ा के प्रथम स्थान हासिल करने के बाद अब खिलाड़ियों की नजर राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर है। ऐसे में पटेल नगर के स्केटिंग ट्रैक का नियमित संचालन और स्थायी उपलब्धता जिले के खिलाड़ियों के अभ्यास एवं प्रशिक्षण के लिए महत्वपूर्ण मांग बनकर सामने आई है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story