भीलवाड़ा। छोटी हरणी स्थित श्री टेकरी के बालाजी काठियाबाबा आश्रम में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव के चौथे दिन शनिवार, 14 नवंबर को श्रीराम एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव प्रसंग का वाचन हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के दौरान पूरा पांडाल भक्ति और उल्लास से सराबोर हो गया। नंद के आनंद भैयो जय कन्हैयालाल की जयकारों के बीच श्रद्धालु बधाई गीतों पर झूमते नजर आए।

महंत बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में आयोजित महोत्सव में वृंदावन के प्रख्यात कथावाचक एवं गौरक्षक आचार्य महेंद्र कृष्ण शास्त्री ने व्यासपीठ से श्रीराम और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंगों का वर्णन किया। इस अवसर पर पांडाल को विशेष रूप से सजाया गया था। नंदजी के अंगना में बज रही आज बधाई और सजा दो घर को गुलशन सा जैसे भजनों पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने नृत्य कर जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, महिलाओं और पुरुषों सहित सभी श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते दिखाई दिए।

जन्मोत्सव के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण, नंद बाबा, यशोदा और द्वारिकाधीश सहित विभिन्न प्रसंगों पर आधारित सजीव झांकियां सजाई गईं। भगवान कृष्ण के जन्म के बाद वासुदेव द्वारा उन्हें टोकरी में रखकर यमुना पार कर गोकुल पहुंचाने की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। भगवान श्रीनाथजी की विशेष झांकी ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। झांकियों के दर्शन के दौरान पांडाल में भगवान के जयकारे गूंजते रहे। कथा में कई संत-महात्माओं का सानिध्य भी प्राप्त हुआ।

आचार्य महेंद्र कृष्ण शास्त्री ने प्रवचन में कहा कि मानव देह मिलना दुर्लभ है और इसमें सत्संग का अवसर भी भाग्यशाली लोगों को ही मिलता है। सत्संग जैसा आनंद संसार में कहीं नहीं मिल सकता। हरिनाम कीर्तन करने वाले भक्तों के जीवन की रक्षा स्वयं प्रभु करते हैं। उन्होंने कहा कि संसार में रहकर जो व्यक्ति जहर के घूंट पीना सीख जाता है, वह महादेव बन जाता है। मरने के लिए एक बार, लेकिन जीने के लिए कई बार जहर के घूंट पीने पड़ते हैं।

उन्होंने भगवान शिव के जीवन को आदर्श बताते हुए कहा कि उनमें रौद्रपन और शीतलता दोनों एक साथ विद्यमान हैं। जब जीवन में राम आएंगे, तभी आराम आएगा। सत्संग और भजन किसी भी समय किए जाएं, वे हमेशा मंगलकारी होते हैं। सुखी जीवन के लिए भोजन सीमित और भजन असीमित होना चाहिए, लेकिन वास्तविकता में इसके विपरीत हो रहा है। लोगों को भजन के लिए समय की कमी महसूस होती है।

आचार्य शास्त्री ने कहा कि यदि जीवन में माता-पिता प्रसन्न नहीं हैं तो कितना भी धर्माचरण कर लिया जाए, जीवन सार्थक नहीं हो सकता। भक्ति को जीवन में धारण करने से लोक और परलोक दोनों सुधर जाते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक शरीर में शक्ति है, तब तक धर्म-कर्म कर लेना चाहिए, क्योंकि बुढ़ापे में ऐसा करना संभव नहीं हो पाता।

कथा के दौरान व्यासपीठ से भजनों की प्रस्तुति होती रही। भजन शुरू होते ही पांडाल में बैठे श्रद्धालु दोनों हाथ उठाकर झूमने लगते और कई भक्त भक्ति भाव से मंच के सामने पहुंचकर नृत्य करने लगे। चौथे दिन की कथा के विश्राम पर व्यासपीठ की पूजा और आरती की गई।

इस अवसर पर वृंदावनधाम से आए महंत राधारमणशरणजी काठियाबाबा, महंत ब्रजवल्लभशरण काठियाबाबा, महंत कुंजबिहारीशरण काठियाबाबा, महंत रामस्नेहीदास आकोला, महंत रामदास चित्तौड़गढ़, महंत प्रकाशानंद और दुर्गा माता मंदिर की पार्वतीदेवी सिंधी सहित संत-महात्मा उपस्थित रहे।

आरती करने वाले श्रद्धालुओं में पार्षद शंकरलाल जाट, रामनारायण बिरला, ओमप्रकाश बुलिया, गोविन्द अग्रवाल, सोहनलाल तेली, कन्हैयालाल तेली, देवीलाल भदाला, बंशीलाल प्रजापत और श्रीराम चरित मानस मंडल नेहरू विहार के सदस्य शामिल थे। कथा श्रवण के लिए छोटी हरणी सहित भीलवाड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

हनुमान टेकरी परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक किया जा रहा है। महोत्सव के पांचवें दिन रविवार को श्रीकृष्ण बाल लीला और गोवर्धन पूजा प्रसंग का वर्णन होगा। इस दौरान छप्पन भोग की विशेष झांकी भी सजाई जाएगी।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story