भीलवाड़ा में मंगलवार, 11 नवम्बर से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का शुभारंभ होगा। छोटी हरणी स्थित श्री टेकरी के बालाजी काठियाबाबा आश्रम के हनुमान टेकरी परिसर में महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वृन्दावन के प्रख्यात कथावाचक एवं गौरक्षक आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री प्रतिदिन व्यासपीठ से दोपहर 1 से 5 बजे तक श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कराएंगे।

कथा आयोजन के सूत्रधार महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा ने बताया कि कथा के शुभारंभ से पहले मंगलवार सुबह 9.15 बजे दादीधाम से हनुमान टेकरी तक विशाल कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्रद्धा और आस्था के इस आयोजन में सैकड़ों महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल होंगी।

कथा के लिए मंदिर परिसर में विशाल पांडाल तैयार किया गया है, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। कथा आयोजन से संबंधित सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। कथा स्थल के बाहर और मुख्य मार्ग पर स्वागत द्वार बनाए गए हैं तथा विशेष सजावट की गई है। आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा ने भीलवाड़ा के सभी श्रद्धालुओं को कथा श्रवण के लिए आमंत्रित करते हुए अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी संगठन या संस्था का नहीं है, बल्कि हनुमानजी महाराज की प्रेरणा और आशीर्वाद से सभी भक्तों के सामूहिक प्रयासों से किया जा रहा है।

सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग धार्मिक प्रसंगों का वाचन होगा। पहले दिन 11 नवम्बर को व्यासपीठ पर श्रीमद्भागवत की स्थापना के साथ श्रीमद्भागवत महात्म्य, व्यास-नारद संवाद और कुंती स्तुति प्रसंग सुनाए जाएंगे। दूसरे दिन 12 नवम्बर को कपिल-देवहूती संवाद, सती चरित्र एवं ध्रुव चरित्र का वाचन होगा। तीसरे दिन 13 नवम्बर को जड़भरत संवाद, नृसिंह अवतार और वामन अवतार के प्रसंग होंगे।

चौथे दिन 14 नवम्बर को श्रीराम एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। पांचवें दिन 15 नवम्बर को श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं के साथ गोवर्धन पूजा और छप्पन भोग का आयोजन होगा। छठे दिन 16 नवम्बर को उद्धव चरित्र, रुक्मणी मंगल और रास पंचाध्यायी प्रसंगों का वाचन किया जाएगा।

आयोजन के अंतिम दिन 17 नवम्बर को द्वारिका लीला, सुदामा चरित्र और परीक्षित मोक्ष प्रसंग सुनाए जाएंगे। इसके साथ ही व्यास पूजन एवं पूर्णाहुति के साथ सात दिवसीय कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का समापन होगा।

आयोजन का लाभ भीलवाड़ा के अधिकाधिक धर्मप्रेमियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों को भी आमंत्रित किया गया है। कलश शोभायात्रा से शुरू होने वाला यह सात दिवसीय धार्मिक महोत्सव 17 नवम्बर को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story