अग्रवाल उत्सव भवन में रामस्नेही संत दिग्विजयरामजी महाराज के मुखारबिंद से होगा कथा वाचन

भीलवाड़ा, 29 जनवरी। धर्मनगरी भीलवाड़ा में 2 से 8 फरवरी तक रोडवेज बस स्टेण्ड के पास अग्रवाल उत्सव भवन में होने वाले संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा आयोजन के लिए तैयारियां जारी है। स्व. श्रीमती गीतादेवी तोषनीवाल चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित होने वाले इस श्रीमद भागवत कथा आयोजन में प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक व्यासपीठ से रामद्वारा चित्तौड़गढ़ के रामस्नेही संत ओजस्वी प्रखर वक्ता श्री दिग्विजय रामजी महाराज के मुखारबिंद से कथावाचन होगा।

भव्य कलश यात्रा एवं कार्यक्रम का विवरण

संगीतमय श्रीमद भागवत कथा ज्ञान महोत्सव का आगाज 2 फरवरी को सुबह 10.15 बजे माणिक्यनगर रामद्वारा से कथास्थल अग्रवाल उत्सव भवन तक निकाली जाने वाली भव्य कलश शोभायात्रा के साथ होगा। सात दिवसीय इस भव्य आयोजन के दौरान 7 फरवरी को शाम 7 बजे से राष्ट्रीय संत नैनौराधाम के डॉ. मिथिलेश नागर के मुखारबिंद से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा।

कथा महोत्सव के दौरान 2 से 8 फरवरी तक पंच कुण्डीय श्री विष्णु महायज्ञ होगा। ये महायज्ञ प्रतिदिन सुबह 8 से दोपहर 12.30 बजे तक ज्ञायिक रत्न आचार्य पंडित गौरीशंकर शास्त्री एवं वैदिक विद्धानों के तत्वावधान में होगा।

विशेष उत्सव एवं आयोजन

महोत्सव के दौरान 5 फरवरी की रात 8 बजे से कथा स्थल पर भव्य नंद महोत्सव का आयोजन होगा। इसी तरह 7 फरवरी को मंगलमय तुलसी विवाहोत्सव का आयोजन होगा। इस कथा आयोजन का लाभ भीलवाड़ा के अधिकाधिक धर्मप्रेमियों को मिले इसके लिए विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों को भी इस आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

प्रतिदिन के प्रसंगों का वाचन

आयोजन समिति के रामस्वरूप तोषनीवाल ने बताया कि "संगीतमय श्रीमद भागवत कथा ज्ञान में पहले दिन व्यास पीठ पर श्रीमद् भागवत की स्थापना के साथ श्रीमद् भागवत महात्म्य मंगलाचरण कथा प्रारंभ होगी।"

कथा महोत्सव में हर दिन अलग-अलग प्रसंगों का वाचन किया जाएगा जिसका विवरण इस प्रकार है:

  • 3 फरवरी (दूसरा दिन): कपिल देवहुति संवाद, सती चरित्र व धु्रव चरित्र।
  • 4 फरवरी (तीसरा दिन): जड़भरत संवाद नृसिंह अवतार/प्रहलाद चरित्र।
  • 5 फरवरी (चौथा दिन): कृष्णजन्म नंदोत्सव।
  • 6 फरवरी (पांचवां दिन): श्रीकृष्ण बाल लीला, गोवर्धन पूजा प्रसंग एवं छप्पन भोग का आयोजन।
  • 7 फरवरी (छठा दिन): उद्धव चरित्र, रूक्मणी विवाह।
  • 8 फरवरी (समापन दिवस): कथा पूर्णाहुति से पूर्व सुदामा चरित्र एवं परीक्षित मोक्ष प्रसंग का वाचन होगा।

स्व. श्रीमती गीतादेवी तोषनीवाल चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस संगीतमय श्रीमद भागवत कथा ज्ञान महोत्सव में रामद्वारा चित्तौड़गढ़ के रामस्नेही संत श्री दिग्विजय रामजी महाराज द्वारा कथा वाचन किया जाएगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story