भीलवाड़ा, 30 मई। आस्था के प्रमुख केंद्र भीलवाड़ा के शास्त्रीनगर सी-सेक्टर स्थित श्री श्याम मंदिर का 29वां वार्षिकोत्सव शनिवार को श्रद्धा और भक्ति के अलौकिक वातावरण में मनाया जा रहा है। श्याम मंदिर सेवा मण्डल समिति के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का आगाज़ भव्य निशान यात्रा के साथ हुआ। भीषण गर्मी के बावजूद सैकड़ों श्रद्धालु निशान यात्रा में सम्मिलित हुए और उनके जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। काशीपुरी स्थित श्याम मंदिर से शास्त्रीनगर सी-सेक्टर स्थित श्री श्याम मंदिर तक निकाली गई इस भव्य निशान पदयात्रा में 251 से अधिक निशानों के साथ श्याम भक्त शामिल हुए। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों की थाप पर साफे बांधे महिला एवं पुरुष भक्त नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रहे थे, वहीं यात्रा के अंत में सजी-धजी बग्गी में श्याम बाबा की विशेष श्रृंगारित प्रतिमा विराजमान थी, जिसका जगह-जगह श्रद्धालुओं ने अभिवादन किया।


    वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर को कोलकाता, बेंगलुरु और दिल्ली से मंगाए गए फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। आकर्षक रोशनी और श्याम बाबा की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार मंदिर की शोभा बढ़ा रहा है। श्याम मंदिर सेवा मण्डल समिति द्वारा शाम के समय प्रभु श्याम बाबा का विशेष अभिषेक किया जाएगा और उन्हें छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। रात 8 बजे से प्रभु इच्छा तक मंदिर परिसर में विशाल भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस भक्तिमयी संध्या में मुंबई के मशहूर भजन गायक और इंडियन आइडल रनरअप पन्ना गिल तथा अंतरराष्ट्रीय भजन गायक राजू खण्डेलवाल भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्ति के विभिन्न रंगों से ओतप्रोत करेंगे। भजन संध्या में सालासरधाम के मुख्य पुजारी रविशंकर जी सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्याम भक्त विशेष रूप से शामिल होंगे। इस आयोजन में दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को मंदिर के पुजारी द्वारा श्याम बाबा का ‘खजाना’ प्रसाद स्वरूप वितरित किया जाएगा। भीलवाड़ा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं की भागीदारी ने इस 29वें वार्षिकोत्सव को एक ऐतिहासिक और भक्तिपूर्ण स्वरूप प्रदान कर दिया है।

    Rajesh Toshniwal, Bhilwara

    Rajesh Toshniwal, Bhilwara

    नाम: राजेश तोषनीवाल

    वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

    कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

    बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

    परिचय 

    राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

    पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

    राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

    • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
    • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

    शैक्षणिक योग्यता (Education)

    • स्नातक (Graduate)
    • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

    Next Story