भीलवाड़ा के श्री बाबाधाम में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब, महाआरती और भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
भीलवाड़ा स्थित श्री बाबाधाम में चैत्र नवरात्र के दौरान विशेष हवन-पूजन और महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

भीलवाड़ा। धर्मनगरी भीलवाड़ा स्थित श्री बाबाधाम में नवरात्रा महोत्सव की धूम मची हुई है, जहां रविवार को भक्ति और शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में 20 मार्च 2026 से 26 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले इस भव्य महोत्सव के क्रम में रविवार को जन-समूह की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह 7:30 बजे विशेष आरती के साथ दिन का शुभारंभ हुआ, जिसके पश्चात उन पदयात्री भक्तों का तांता लग गया जिनकी मनोकामनाएं मां मंशापूर्णा माताजी के त्रिशूल पर लच्छा बांधने से पूर्ण हुई हैं। मां के जयकारों से संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया और पूरे दिन श्रद्धालुओं के आने का क्रम निरंतर जारी रहा।
आध्यात्मिक अनुष्ठानों की कड़ी में प्रातः 9:15 बजे संस्थान के आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चरण के बीच हवन-पूजन संपन्न किया गया, जिसमें पूर्ण श्रद्धा के साथ आहुतियां दी गईं। इस अवसर पर मां अन्नपूर्णा वैष्णोदेवी का मनमोहक और विशेष श्रृंगार किया गया, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। दोपहर ढलते ही शाम 4:00 बजे से भजनों की अमृत वर्षा प्रारंभ हुई। 'चलो बुलावा आया है', 'नंगे-नंगे पांव चला आ गया रे मां तेरा पुजारी' और 'मैयां का दरबार सुहाना लगता है' जैसे सुप्रसिद्ध भजनों पर भक्त स्वयं को रोक न पाए और झूमकर नाचने लगे। भजन गायकों की प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा प्रांगण मां की भक्ति में सराबोर नजर आया।
उत्सव का मुख्य आकर्षण शाम 7:30 बजे होने वाली विशेष महाआरती रही, जिसमें मंदिर की सीमाएं छोटी पड़ गईं और भक्तों की भीड़ बाहर तक जमा हो गई। इस दौरान समाजसेवियों, राजनेताओं और धर्मप्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। धार्मिक क्रियाओं के अंतर्गत संतान प्राप्ति की कामना हेतु जोड़ों (पति-पत्नी) की गोद भरी गई और पारंपरिक तलवार का झाड़ा लगाया गया। मान्यता है कि श्री बाबाधाम की चुटकी (भभूत) और अखंड ज्योत के घी से शारीरिक व मानसिक कष्टों का निवारण होता है, जिसे प्राप्त करने के लिए हजारों भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। अंत में भक्तों ने मेहंदी प्रसाद ग्रहण किया, जिससे यह आयोजन अटूट श्रद्धा और आध्यात्मिक विश्वास का प्रतीक बनकर उभरा।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
