भीलवाड़ा में राजकीय सम्मान के साथ सीआईआई लोकपाल सिंह को अंतिम विदाई, पुलिस लाइन में नम आंखों से दी श्रद्धांजलि
भीलवाड़ा के सदर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। गोली लगने की घटना के बाद इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

तस्वीर में पुलिस अधिकारी भीलवाड़ा पुलिस लाइन में पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए नजर आ रहे हैं।
भीलवाड़ा के सदर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह को गुरुवार को भीलवाड़ा पुलिस लाइन में राजकीय सम्मान के साथ अश्रुपुरित अंतिम विदाई दी गई। श्रद्धांजलि समारोह के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर जांबाज पुलिस अधिकारी को नमन किया और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी, विभिन्न थानों के प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस जवानों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
घटनाक्रम के अनुसार, मंगलवार शाम नेहरू विहार स्थित अपने राजकीय आवास पर नाकाबंदी ड्यूटी के लिए रवाना होने से ठीक पहले उनकी सर्विस रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गई, जो उनकी कनपटी में जा लगी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तत्काल महात्मा गांधी चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल रेफर किया गया।
उदयपुर में चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन बुधवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जब उनका पार्थिव शरीर उदयपुर से भीलवाड़ा लाया गया तो परिजनों के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों की भी आंखें नम हो गईं।
भीलवाड़ा पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा के बाद लोकपाल सिंह के पार्थिव शरीर को अजमेर जिले स्थित उनके पैतृक गांव ले जाया गया, जहां अत्यंत गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
दिवंगत लोकपाल सिंह को पुलिस महकमे में उनकी ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सौम्य व्यवहार के लिए विशेष रूप से याद किया जाता है। उनके असामयिक निधन से पूरे भीलवाड़ा पुलिस महकमे और जिले में गहरा शोक व्याप्त है। विभागीय अधिकारियों ने उनके योगदान को सदैव स्मरणीय बताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
