राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े को भीलवाड़ा शिवमहापुराण कथा का भावपूर्ण निमंत्रण: उमड़ेगा आस्था का सैलाब

भीलवाड़ा, 26 मार्च। राजस्थान के वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में आगामी 8 अप्रैल से 14 अप्रैल तक आयोजित होने वाली विश्व विख्यात कथाकार पंडित प्रदीप मिश्रा की 'श्री शिव महापुराण कथा' के लिए तैयारियों ने व्यापक स्वरूप ले लिया है। इसी क्रम में श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर स्थित राजभवन पहुंचकर राजस्थान के माननीय राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें इस भव्य आध्यात्मिक आयोजन में सम्मिलित होने के लिए भावपूर्ण निमंत्रण पत्र सौंपा।

कथा के मुख्य सूत्रधार संकटमोचक हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरी महाराज एवं हाथीभाटा आश्रम के महंत संतदास महाराज के पावन सान्निध्य में पहुंचे इस दल ने राज्यपाल को आयोजन की विशिष्टता से अवगत कराया। विधायक एवं आयोजन समिति के मार्गदर्शक अशोक कोठारी तथा कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने राज्यपाल को जानकारी देते हुए बताया कि मेवाड़ की धरा पर पंडित प्रदीप मिश्रा की यह पहली कथा है, जिसे लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह है। मेडिसिटी ग्राउंड, आज़ाद नगर में होने वाले इस आयोजन के लिए समिति द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं, ताकि भीषण गर्मी और भीड़ के बावजूद किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।

प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि उनके भीलवाड़ा आगमन से इस आयोजन को न केवल भव्यता मिलेगी, बल्कि इसकी गरिमा में भी वृद्धि होगी। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कथा आयोजन के प्रति अपने मंगलभाव व्यक्त किए और आयोजन की सफलता हेतु हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस औपचारिक मुलाकात के दौरान गौभक्त विधायक अशोक कोठारी ने राज्यपाल को संतों द्वारा रचित आध्यात्मिक साहित्य भी भेंट किया।

राजभवन पहुंचने वाले प्रतिनिधिमंडल में आयोजन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जागेटिया, सह संयोजक सत्येंद्र बिरला, सचिव बद्रीलाल सोमानी, ललित सोमानी, राजेश कुदाल, सत्यनारायण सेन एवं अर्पित कोठारी सहित अन्य गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। मेवाड़ में पहली बार हो रहे इस महाकुंभ को लेकर प्रशासन और समिति दोनों ही सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने में जुटे हैं, जिससे यह आयोजन भीलवाड़ा के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में अंकित हो सके।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story