भीलवाड़ा: पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा हेतु मैदान की सफाई शुरू
महंत बाबूगिरी महाराज ने जेसीबी पूजन कर सफाई कार्य का शुभारंभ किया, 8 से 14 अप्रैल तक मेडिसिटी ग्राउंड में आयोजित होगी भव्य कथा।

भीलवाड़ा के मेडिसिटी ग्राउंड में शिव महापुराण कथा की तैयारियों के तहत महंत बाबूगिरी महाराज ने जेसीबी मशीन का विधि-विधान से पूजन कर सफाई अभियान शुरू किया।
भीलवाड़ा, 5 मार्च। देश के प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारबिंद से धर्मनगरी भीलवाड़ा में 8 से 14 अप्रेल तक आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउण्ड में होने वाले श्री शिव महापुराण कथा आयोजन के लिए तैयारियां तेज हो गई है। मेडिसिटी ग्राउण्ड में गुरूवार को सफाई कार्य विधिवत रूप से प्रारंभ हो गया। कथा आयोजन के सूत्रधार महन्त बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में जेसीबी मशीन का पूजन कर कार्य प्रारंभ किया गया। जेसीबी मशीनों के माध्यम से विशाल मैदान की सफाई का कार्य किया जा रहा है।
महंत बाबूगिरी महाराज का पावन सानिध्य एवं आशीर्वचन
महन्त बाबूगिरी महाराज ने आर्शीवचन देते हुए कहा कि "भीलवाड़ा के समस्त सनातन समाज एवं सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों को जोड़ते हुए इस भव्य आयोजन को सफल बनाना है।" आयोजन को एतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए श्री शिवमहापुराण कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी एवं समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी के नेतृत्व में तैयारियां की जा रही है। मैदान पर सफाई कार्य सत्यनारायण गुगड़ की देखरेख में किया जाएगा।
समिति कार्यालय का उद्घाटन एवं प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि "7 मार्च को दोपहर 12.15 बजे संकटमोचन हनुमान मंदिर के पास समिति के कार्यालय का शुभारंभ होगा।" सफाई कार्य शुभारंभ के अवसर पर समिति के महासचिव पीयूष डाड, बद्रीलाल सोमानी, ललित सोमानी, बाबूलाल टांक, सत्यनारायण गुगड, मंजू पोखरना, अलका जोशी, सत्येन्द्र बिरला, दुर्गालाल सोनी, गोपीकिशन पाटोदिया, राजेश कुदाल, कैलाशचन्द्र जागेटिया, कैलाश सोनी, कैलाश डाड, कैलाश साहू, रामेश्वर ईनाणी, निलेश कांठेड़ आदि पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।
मेवाड़ क्षेत्र में उत्साह और कलश शोभायात्रा की भव्यता
पंडित मिश्रा की यह मेवाड़ क्षेत्र में पहली कथा होने से इस आयोजन को लेकर भीलवाड़ा ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण मेवाड़ क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण नजर आ रहा है। कथा श्रवण करने के लिए भीलवाड़ा ही नहीं बल्कि राजस्थान के विभिन्न जिलों व आसपास के राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आए इसे लेकर विशेष तैयारी हो रही है। कथा प्रारंभ होने से एक दिन पूर्व 7 अप्रेल को भव्य कलश शोभायात्रा का आयोजन होगा। इसमें हजारों की संख्या में मातृशक्ति सिर पर मंगलकलश धारण करके भाग लेंगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
