भीलवाड़ा के शास्त्रीनगर में 50 लाख की दिनदहाड़े चोरी का 48 घंटे में खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार
भीलवाड़ा के शास्त्रीनगर में 50 लाख की दिनदहाड़े चोरी का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा किया। एक आरोपी गिरफ्तार, जबकि फरार साथियों और चोरी गए माल की तलाश जारी है।

भीलवाड़ा शहर के पॉश इलाके शास्त्रीनगर में दिनदहाड़े हुई 50 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का भीलवाड़ा पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल गिरोह के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और ताले तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की टामी (सरिया) भी जब्त कर ली है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के आदेशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश आर्य के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक (वृत्त शहर) श सज्जन सिंह के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी हनुमान चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने इस वारदात को चुनौती के रूप में लेते हुए लगातार कार्रवाई शुरू की।
शास्त्रीनगर निवासी हरीश मूलचंदानी पुत्र स्वर्गीय ईश्वर दास मूलचंदानी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वे अपने परिवार के साथ घर का ताला लगाकर अस्पताल गए थे। शाम करीब 5 बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। चोर घर से करीब 332 ग्राम सोने तथा 100 ग्राम चांदी के जेवरात और 3 लाख 70 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए माल का कुल अनुमानित मूल्य 50 लाख रुपये बताया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी इनपुट और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने कड़ियों को जोड़ते हुए लगातार दबिश दी। इसके बाद पुलिस ने मदन उर्फ राकेश उर्फ फोरिया (21), पुत्र मांगीलाल बागरिया, निवासी माली मोहल्ला, सणगारी, थाना फुलियाकला, हाल निवासी कच्ची बस्ती जोधडास, थाना गांधीनगर, भीलवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य दिन के समय मोटरसाइकिल पर पॉश कॉलोनियों में घूमकर रेकी करते थे। जिस मकान के बाहर ताला लगा मिलता, उसे निशाना बनाया जाता था। इसके बाद मोटरसाइकिल खड़ी कर आरोपी लोहे की टामी से कुछ ही मिनटों में ताला तोड़कर घर में प्रवेश करते और कीमती सामान समेटकर फरार हो जाते थे।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि चोरी गया पूरा माल बरामद किया जा सके। साथ ही गिरोह के फरार अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। 48 घंटे के भीतर इस बड़ी चोरी का खुलासा भीलवाड़ा पुलिस की त्वरित जांच और समन्वित कार्रवाई का महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
