भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के शंभुगढ़ थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक युवक ने अपने जीजा को वीडियो कॉल कर आत्महत्या करने की बात कही और कुछ ही पलों बाद जंगल में पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। लाइव सुसाइड की इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

जंगल में रोक दी बाइक और शुरू किया वीडियो कॉल

  • शंभुगढ़ थाने के दीवान सत्यनारायण ने बताया कि पारोली थाना क्षेत्र के देवाखेड़ा गांव निवासी महेंद्र (20) पुत्र बद्रीलाल भील शंभुगढ़ इलाके में माइंस पर मजदूरी करता था।
  • रविवार को वह गांव लौट रहा था। रास्ते में मोतीपुर भीलों का खेड़ा के जंगल में पहुंचने पर उसने अचानक बाइक रोकी और अपने जीजा प्रहलाद भील को सोशल मीडिया के जरिए वीडियो कॉल किया।
  • कॉल पर उसने कहा कि "वह बहुत परेशान हो गया है और मर रहा है।"
  • इसके बाद उसने बाइक पर मोबाइल सेट किया और पेड़ से गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

घबराए जीजा ने दी पुलिस को सूचना

वीडियो कॉल पर यह दृश्य देखकर प्रहलाद भील घबरा गया और तुरंत पारोली थाने पहुंचकर सूचना दी। पुलिस ने महेंद्र के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और शंभुगढ़ थाना पुलिस को अवगत कराया गया। गश्त पर निकले दीवान सत्यनारायण लोकेशन के आधार पर मौके पर पहुंचे तो जंगल में युवक का शव पेड़ से लटका मिला। बाइक और मोबाइल मौके पर चालू हालत में थे।

रात में शव बरामद, सुबह हुआ पोस्टमार्टम

  • पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिवारजन मौके पर पहुंचे जिसके बाद शव को नीचे उतारकर आसींद अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया।
  • सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
  • फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

पुलिस के अनुसार महेंद्र शादीशुदा था और दो छोटे बच्चों का पिता था। उसके इस कदम से बच्चों के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया। परिवार का रो रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story