भीलवाड़ा। शाहपुरा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से किए गए हमले ने गंभीर रूप ले लिया। हमले में युवक के दोनों हाथ-पैर और पसलियां टूट गईं, जबकि फेफड़ा भी क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर हालत में युवक भीलवाड़ा के बांगड़ अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक, भीलवाड़ा को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहपुरा के वार्ड नंबर 01, तहनाल गेट निवासी दीपक छीपा ने एसपी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि 10 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे उसका भाई संतोष छीपा बाजार जा रहा था। इसी दौरान लोकेश गुर्जर, मोंटी उर्फ बिट्टू, कालू रंगरेज, गणेश गुर्जर और उनके साथ आए 9-10 अन्य लोगों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से मारपीट की। हमले में संतोष के दोनों हाथों, पैरों और कमर में गंभीर फ्रैक्चर हो गए। पसलियां टूटने से उसका फेफड़ा भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

पीड़ित परिवार ने हमले के पीछे पुरानी रंजिश को वजह बताया है। दीपक छीपा के अनुसार, लोकेश गुर्जर और मोंटी सहित 25-30 लोगों का एक आपराधिक गिरोह है। आरोप है कि यह गिरोह रात के समय चौराहे पर बैठकर नशा और गुंडागर्दी करता है तथा वहां से गुजरने वाले राहगीरों के साथ मारपीट करता है। इन गतिविधियों से परेशान मोहल्लेवासियों ने पूर्व में पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत करने वालों में संतोष छीपा भी शामिल था। परिवार का आरोप है कि इसी शिकायत की रंजिश रखते हुए आरोपियों ने संतोष पर जानलेवा हमला किया।

दीपक ने ज्ञापन में बताया कि घटना के संबंध में शाहपुरा थाने में एफआईआर संख्या 347/2026 दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। परिवार का आरोप है कि कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम धमकियां दे रहे हैं। आरोपियों की ओर से कथित तौर पर कहा जा रहा है, "तुम्हारा भाई तो बच गया, अब मौका देखकर तुम्हें और तुम्हारे पूरे परिवार को जान से खत्म कर देंगे।"

पीड़ित पक्ष के अनुसार, आरोपियों की इन धमकियों और गिरफ्तारी नहीं होने से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है। परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।

दीपक छीपा ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि शाहपुरा थानाधिकारी को मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं। साथ ही सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि गंभीर रूप से घायल संतोष को न्याय मिल सके और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जा सके।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story