भीलवाड़ा में सेक्सटॉर्शन, हवाला और रंगदारी गैंग पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 11 फरार आरोपियों पर इनाम घोषित
भीलवाड़ा के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में संगठित अपराध, सेक्सटॉर्शन, हवाला और रंगदारी गैंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 फरार आरोपियों पर इनाम घोषित किया है। 10 आरोपियों के खिलाफ LOC जारी है, जबकि अवैध संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई भी तेज कर दी गई है।

भीलवाड़ा जिले के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में दर्ज संगठित अपराध, ब्लैकमेलिंग (सेक्सटॉर्शन), सट्टा और हवाला गैंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे 11 आरोपियों पर नकद इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा (सागर) द्वारा जारी आदेशों के अनुसार इन वांटेड आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सही और सटीक सूचना देने वाले व्यक्तियों को नकद पुरस्कार दिया जाएगा तथा सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
सुभाषनगर थाना अधिकारी कैलाश कुमार बिश्नोई ने बताया कि 11 जुलाई 2026 को थाना सुभाषनगर में एक प्रकरण दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि फजले रऊफ उर्फ लुतफी (निवासी भीलवाड़ा) वर्ष 2025 से रंगदारी (Extortion), हवाला, सट्टा, ब्याज माफिया और अवैध हथियारों के जरिए एक संगठित गिरोह संचालित कर रहा था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी दुबई भाग गया, जहां से वह भीलवाड़ा की लड़कियों को बुलाकर भारतीय व्यापारियों के सेक्सटॉर्शन वीडियो तैयार कर ब्लैकमेलिंग की वारदातों को अंजाम देने लगा।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में 11 आरोपियों पर इनाम घोषित किया जा चुका है, जबकि 10 आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया है। इसके अलावा मुख्य आरोपी लुतफी के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी करवाया गया है। उसके घर, नगर निगम और न्यायालय के नोटिस बोर्ड पर नोटिस चस्पा किए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों द्वारा अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों को फ्रीज (जब्त) करने की कार्रवाई भी कर रही है।
पुलिस द्वारा जारी अधिकृत सूची के अनुसार रज्जाक मोहम्मद पर ₹25,000, नीलम खोईवाल पर ₹25,000, मुख्य आरोपी की पत्नी फहीम फात्मा पर ₹25,000, जितेन्द्र कुमार उर्फ जीतू माली पर ₹25,000, मोहम्मद आदिल शेख पर ₹25,000, जाहिद खान उर्फ बादशाह पर ₹25,000, इमरान उर्फ चुन्नू लाला पर ₹25,000, नीतू महेश पर ₹25,000, राजा उर्फ राजू पठान उर्फ रियाज अहमद शेख पर ₹25,000, मोईन खान पर ₹25,000 तथा जिशान खान पर ₹15,000 का नकद इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह के 10 मुख्य आरोपियों के खिलाफ पहले ही लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया जा चुका है। मुख्य सरगना के घर और न्यायालय में संपत्ति कुर्की एवं गिरफ्तारी संबंधी नोटिस भी चस्पा किए गए हैं। पुलिस अब इन अपराधियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को फ्रीज करने की प्रक्रिया में जुटी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों के संबंध में सही और सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
