भीलवाड़ा। शहरी नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शहर को स्वच्छ, सुंदर व सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगरीय विकास, आवास एवं स्वायत्त शासन विभाग की ओर से ‘सेवा सेतु अभियान-2026’ शुरू करने का निर्णय लिया गया है। अभियान के तहत नागरिकों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनसे जुड़े लंबित मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर राहत पहुंचाने पर जोर रहेगा। इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्रीमती जसवंत कंवर एवं आयुक्त श्री कमल सिंह यादव ने विभिन्न लाभार्थियों को प्रमाण पत्र जारी किए।

अभियान का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था में सुधार, शहर के सौंदर्यीकरण और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के साथ नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। नगर निगम कार्यालय परिसर स्थित मीटिंग हॉल में यह अभियान रोजाना सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपनी समस्याओं के समाधान और विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

इसी क्रम में विकसित भारत जन सेवा अभियान 2026 के तहत नगर निगम भीलवाड़ा की ओर से जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू, श्रीमती जसवंत कंवर महापौर एवं नगर निगम आयुक्त श्री कमल सिंह यादव के निर्देशन में 7 अक्टूबर 2026 को ‘सेवा संकल्प कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित भीलवाड़ा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में लगभग 2,000 नागरिकों ने जन-जागरूकता यात्रा में भाग लिया।

कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 300 विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने रंगोली, नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता संवाद, निबंध व पोस्टर प्रतियोगिता तथा 4-बिन कचरा पृथक्करण (Four-Way Waste Segregation) कार्यशाला जैसी गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया।

विद्यार्थियों की कलाकृतियों और नाटकों के जरिए स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, “हमारा कचरा–हमारी जिम्मेदारी” का संदेश, कपड़े के थैलों के प्रयोग तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एसबीएम प्रभारी अधिकारी श्री सूर्य प्रकाश संचेती और टीम लीडर डॉ. हेमलता सहल ने उपस्थित नागरिकों व विद्यार्थियों को 4-बिन कचरा पृथक्करण, गीले-सूखे कचरे के उचित निस्तारण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और कपड़े के थैलों के दैनिक उपयोग की जानकारी दी।

इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, एसबीएम टीम, स्वास्थ्य निरीक्षक, वार्ड जनप्रतिनिधि, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों और युवाओं में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करना रहा। वहीं ‘सेवा सेतु अभियान-2026’ के जरिए नागरिक सेवाओं और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया गया है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story