भीलवाड़ा में सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने दिखाई हरी झंडी
विकसित भारत संकल्प सभा के तहत निकली यात्रा के जरिए सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।

तस्वीर में भीलवाड़ा के एक कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा मशाल प्रज्ज्वलित करते दिख रहे हैं।
विकसित भारत संकल्प सभा के तहत बुधवार को भीलवाड़ा शहर में भव्य ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने अग्रवाल उत्सव भवन से मशाल ज्योति प्रज्ज्वलित कर यात्रा का आधिकारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सहित सभी जनप्रतिनिधियों और विशाल जनसमूह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव उद्बोधन सुना।
यात्रा के शुभारंभ से पहले उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने कहा कि यह 25 वर्ष जन सेवा से राष्ट्र सेवा, सेवा समर्पण और सुशासन के वर्ष हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन से देश की दिशा और दशा बदली है। इसके परिणामस्वरूप भारत वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनेगा।
डॉ. बैरवा ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस विजन को आगे बढ़ाने का कार्य मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में मजबूती से किया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के प्रत्येक जिले और अंतिम छोर तक बैठे आमजन तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना और अधिक से अधिक लोगों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है।
अग्रवाल उत्सव भवन से शुरू हुई यात्रा महात्मा गांधी चिकित्सालय रोड, सेवा सदन, सूचना केन्द्र और बालाजी मार्केट से होते हुए गोल प्याऊ चौराहा पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। समापन के बाद गोल प्याऊ चौराहे पर मशाल स्थापित की गई। इस दौरान राष्ट्रगान, वंदे मातरम्, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए नागरिकों में उत्साह का संचार किया गया। यात्रा के माध्यम से शहरी क्षेत्र के लोगों को सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि विष्णु चेचाणी, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा, नगर निगम महापौर जसवंत कंवर, उप महापौर राधेश्याम सोमाणी सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में विद्यार्थी, महिलाएं और आम नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के आरंभ में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा का स्वागत प्रशांत मेवाड़ा ने उपरना पहनाकर किया। कार्यक्रम का संचालन प्रहलाद त्रिपाठी ने किया।
समारोह के अंत में राज्य स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों को उपमुख्यमंत्री एवं अतिथियों ने मंच पर सम्मानित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कुलदीप शर्मा, विशाल गुरुजी, गोपाल तेली, ललित अग्रवाल, अंकुर बोरदिया, सुरेंद्रसिंह मोटरास, मंजू चेचाणी, आरती कोगटा, ऋतुशेखर शर्मा और मुकेश सोनी ने विशेष सहयोग प्रदान किया। इस आयोजन के जरिए सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को शहरी क्षेत्र के लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
