भीलवाड़ा। करेडा थाना पुलिस ने राजकीय विद्यालय लक्ष्मीपुरा (गोरख्या) में हुई नकबजनी का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में करेड़ा थाना अधिकारी पूरणमल मीणा के साथ सहायक उप निरीक्षक नारायण सिंह, कांस्टेबल जितेंद्र और मुकेश आदि शामिल थे।

स्कूल की रसोई से खेल के मैदान तक की थी चोरी

बीती 19 फरवरी 2026 को चोरों ने चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया था, जिसके संबंध में प्रधानाध्यापक लादु लाल ने चोरी का मामला दर्ज कराया था। चोरों ने स्कूल की रसोई से लेकर बच्चों के खेलकूद के सामान तक पर हाथ साफ कर दिया था। अक्षय पेटिका से नकदी, मिड-डे मील का 90 किलो गेहूं, चावल, बर्तन, पंखे, चेकबुक और यहाँ तक कि खिलाड़ियों की ड्रेस और फुटबॉल-वॉलीबॉल भी चोरी कर लिए थे। इस घटना से क्षेत्र के ग्रामीणों और शिक्षा विभाग में भारी रोष व्याप्त था।

हाई-टेक तकनीक और मुखबिरों से बिछाया जाल

थानाधिकारी पूरण मल के नेतृत्व में गठित टीम ने "परम्परागत पुलिसिंग" और "हाई-टेक तकनीक" का इस्तेमाल किया। पुलिस ने न केवल पुराने अपराधियों की कुंडली खंगाली, बल्कि सीडीआर (CDR) विश्लेषण और मुखबिरों के जाल के जरिए आरोपियों की घेराबंदी की। पुलिस की रडार पर आए दो युवकों को जब हिरासत में लेकर "सख्ती" से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना गुनाह उगल दिया।

ठिकरिया खेड़ा के दो युवक गिरफ्तार, बाइक जप्त

गिरफ्तार आरोपियों में पिंटू (26) पुत्र गोपाल बलाई ओर माधु (21) पुत्र हरदेव गुर्जर, निवासी ठिकरिया खेड़ा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 90 किलो गेहूं, 2 पंखे, पासबुक और चेकबुक बरामद कर ली है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जप्त कर लिया है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story