भीलवाड़ा जिले के पारोली थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलावा गांव के पास मंगलवार सुबह एक निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर खाई में उतर गई। इस हादसे में बस में सवार करीब आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।

हादसे का विवरण और घायलों की स्थिति

जानकारी के अनुसार, सांकड़ा गांव के सेंट पॉल स्कूल में लगी एक निजी बस मोडियाखेड़ा और कांटी गांवों से स्टूडेंट्स को लेकर स्कूल जा रही थी। बेलावा गांव से पहले चालक बस के स्टेयरिंग से अपना नियंत्रण खो बैठा और बस अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खाई में उतर गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को बस से बाहर निकाला और निजी वाहनों व एंबुलेंस की मदद से कोटड़ी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल बच्चों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। एक बच्चे को जिला अस्पताल के लिए रैफर किया गया है। एएसआई रामेश्वरलाल मीणा ने बताया कि इन घायल बच्चों में बाबूलाल जाट, रोहित जाट, आशीष जाट, देवराज नाथ व रोहित बलाई शामिल हैं।

चालक मौके से फरार और पुलिस कार्रवाई

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद बस का चालक बच्चों को छोडक़र मौके से फरार हो गया। पुलिस अब चालक की तलाश कर रही है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि जिम्मेदारों और चालक के खिलाफ नियमों की अनदेखी को लेकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, हादसे की खबर मिलते ही कोटड़ी अस्पताल और घटनास्थल पर स्टूडेंटस के परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

स्कूल प्रबंधन पर नियमों की अनदेखी के आरोप

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों को लाने-ले जाने के लिए आधिकारिक 'बाल वाहिनी' के बजाय एक प्राइवेट बस का उपयोग किया जा रहा था। साथ ही, बस में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया था, जो सुरक्षा नियमों का सीधा उल्लंघन है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कानूनी गाज गिरेगी।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story