भीलवाड़ा: सत्यनारायण तेली पर हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन
भीलवाड़ा के बनेड़ा क्षेत्र में सत्यनारायण तेली पर हुए हमले के विरोध में तेली समाज ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और संगठित अपराध की धाराओं में कार्रवाई की मांग की।

भीलवाड़ा जिले के बनेड़ा थाना क्षेत्र में सत्यनारायण तेली पर हुए जानलेवा हमले के बाद अब न्याय की मांग ने जोर पकड़ लिया है। सरदारनगर निवासी सत्यनारायण तेली पर हुए इस बर्बर हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में संगठित अपराध की धाराएं जोड़ने की मांग को लेकर सोमवार को तेली समाज ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया। समाज के सैकड़ों आक्रोशित लोगों ने मुखर्जी उद्यान से एक विशाल रैली निकाली, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई जिला कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक सागर राणा को एक ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारी समाजजनों का आरोप है कि बीते 31 मई को बनेड़ा थाना क्षेत्र के सोभागपुरा चौराहे पर सत्यनारायण तेली को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया गया था। घटना के संबंध में बनेड़ा थाने में मुकदमा संख्या 102/2026 दर्ज तो किया गया, लेकिन पुलिस की शिथिलता के चलते अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। समाज के प्रतिनिधियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमला किसी साधारण आपसी रंजिश का परिणाम नहीं, बल्कि एक संगठित गिरोह द्वारा अंजाम दी गई साजिश है। इसके बावजूद, पुलिस ने मुकदमे में अब तक संगठित अपराध से संबंधित धाराएं नहीं जोड़ी हैं।
ज्ञापन के माध्यम से समाज के पदाधिकारियों ने पुलिस को अवगत कराया कि आरोपी पक्ष द्वारा पीड़ित परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में भय और दहशत का वातावरण बनाकर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी जा रही है। समाज की ओर से एडवोकेट लादूलाल तेली, एडवोकेट ओमप्रकाश नैणावा, एडवोकेट कुशल साहू सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2) और 110 के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी और उचित कानूनी धाराएं नहीं जोड़ी गईं, तो यह आंदोलन और अधिक व्यापक रूप लेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
