भीलवाड़ा जिले के सांगणी गाँव में बीती रात एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई, जहां घर के चौक में सो रही एक महिला पर अज्ञात लुटेरों ने हमला कर दिया। बदमाश महिला के कानों से सोने की झुमरिया तोड़कर फरार हो गए। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के सिर पर पत्थर से वार किया, जबकि बचाने आए उसके 15 वर्षीय बेटे के साथ भी मारपीट की गई।

जानकारी के अनुसार, सांगणी गाँव निवासी सजनी देवी गुर्जर (39) बिजली गुल होने के कारण अपने घर के चौक में सो रही थीं। उनके पति कूकाराम गुर्जर पास ही स्थित एक खदान में चौकीदारी के काम पर गए हुए थे। इसी दौरान रात के अंधेरे और बिजली गुल होने का फायदा उठाकर लुटेरे मकान के पिछवाड़े बने बाड़े से घर के भीतर घुस आए।

बदमाशों ने सो रही सजनी देवी पर अचानक झपट्टा मारा और उनके दोनों कानों से करीब एक तोला सोने की झुमरिया छीन लीं। छीना-झपटी के दौरान महिला के दोनों कान बुरी तरह लहूलुहान हो गए। जब उन्होंने बदमाशों का विरोध करते हुए संघर्ष किया तो आरोपियों ने उनके सिर पर पत्थर से हमला कर दिया।

महिला की चीख-पुकार सुनकर कमरे में सो रहा उनका 15 वर्षीय बेटा नवीन गुर्जर तुरंत बाहर आया और भाग रहे बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान बाड़े में छिपे दूसरे लुटेरे ने नवीन पर हमला कर दिया। दोनों बदमाशों से हुए संघर्ष में नवीन की उंगली में चोट आई, जिसके बाद आरोपी पिछवाड़े के रास्ते अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने खून से लथपथ माँ-बेटे को तत्काल आसींद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों को सजनी देवी के कानों में टांके लगाने पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही आसींद थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित महिला के बयानों के आधार पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा संभावित ठिकानों पर उनकी तलाश शुरू कर दी है। यह वारदात क्षेत्र में ग्रामीणों के बीच दहशत का कारण बनी हुई है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story