भीलवाड़ा। संगम इंडिया लिमिटेड यूनिट-2 सरेरी में 17 वर्षों से सेवाएं दे रहे सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। हार्टअटैक से हुई इस मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए का मुआवजा देने और पांच बच्चों के पालन-पोषण की स्थायी व्यवस्था करने की मांग को लेकर परिजनों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट पर एम्बुलेंस में शव रखकर धरना शुरू कर दिया। परिजनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मांगों पर ठोस सहमति बनने तक शव नहीं उठाया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईरास निवासी पुखराज जाट (50) पुत्र हरदेव संगम इंडिया लिमिटेड यूनिट-2 सरेरी में कॉलोनी इंचार्ज के पद पर कार्यरत थे। वे गार्डन की देखरेख और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। बुधवार को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सहकर्मी उन्हें तत्काल उपचार के लिए रायला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुखराज जाट पिछले 17 वर्षों से फैक्ट्री में पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके परिवार में पांच बच्चे हैं। परिवार के भरण-पोषण से लेकर बच्चों की शिक्षा-दीक्षा तक की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। परिवार के एकमात्र कमाऊ मुखिया की अचानक मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पांचों बच्चों के भविष्य को लेकर भी परिवार चिंतित है।

गार्ड की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ईरास सहित आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण फैक्ट्री परिसर के बाहर एकत्रित हो गए। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन से मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने और पांचों बच्चों के पालन-पोषण की स्थायी व्यवस्था करने की मांग रखी। प्रबंधन की ओर से तत्काल सकारात्मक जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने एम्बुलेंस में शव रखकर संगम इंडिया लिमिटेड के मुख्य गेट के बाहर धरना शुरू कर दिया।

प्रदर्शन और हंगामे की सूचना मिलने पर गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर भारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारी आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने तथा गतिरोध समाप्त कराने के प्रयास में जुटे हैं। परिजनों का कहना है कि जब तक मुआवजे और बच्चों के भविष्य को लेकर उनकी मांगों पर ठोस सहमति नहीं बनती, तब तक वे शव नहीं हटाएंगे। खबर लिखे जाने तक फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर तनावपूर्ण शांति बनी हुई थी और प्रबंधन तथा परिजनों के बीच गतिरोध बरकरार था।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story