भीलवाड़ा, 22 फरवरी। हरिशेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर भीलवाड़ा के तत्वावधान में आयोजित आठ दिवसीय सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह के चौथे दिन रविवार को राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी वहां पहुंचे। उन्होंने श्रीमद् भागवत महापुराण कथा श्रवण किया और व्यास पीठ पर विराजित श्रीधाम वृन्दावन के कथा व्यास डॉ. श्यामसुन्दर पाराशर का अभिनंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

विधानसभा अध्यक्ष का संबोधन और सनातन की महिमा

देवनानी ने सनातन मंगल महोत्सव को ऐतिहासिक आयोजन बताते हुए कहा कि हम भाग्यशाली हैं जो भीलवाड़ा में पहली बार ऐसे आयोजन के साक्षी बन रहे हैं। उन्होंने कहा:

"ऐसे आयोजन से जिस आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति होती है उससे सारे कष्ट और तनाव दूर हो जाते हैं। सनातन शाश्वत और प्राचीनतम धर्म है जो जीवन जीना सिखाता है। सनातन की यही सीख है कि हम अपने जीवन में आचरण में शुद्धता लाएं और यही भाव रखें कि किसी को पीड़ा नहीं पहुंचे और सबका भला हो।"

आज सारे देश में सनातन की चर्चा हो रही है और नया भारत बन रहा है; भारत को दुनिया की महाशक्ति नहीं, महामार्गदर्शक बनाना है।

श्रीमद् भागवत कथा: कृष्ण जन्मोत्सव का उल्लास

कथा में राम जन्मोत्सव एवं कृष्ण जन्मोत्सव प्रसंगों का वाचन किया गया। कृष्ण जन्मोत्सव पर पांडाल में विशेष सजावट की गई थी। जब कृष्ण जन्मोत्सव का उल्लास छाया, तो मंच से महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के साथ विधानसभा अध्यक्ष देवनानी भी बधाईयां बांटते हुए खुशियों में सहभागी बने।

  • वासुदेव और बाल कृष्ण की सजीव झांकी सजाई गई।
  • नन्हें कान्हा को व्यास पीठ पर डॉ. पाराशर की गोद में बिठाया गया।
  • सैकड़ों श्रद्धालु झूम उठे और 'जय श्री राम' व 'कन्हैया' के जयकारे गूंजते रहे।
डॉ. पाराशर के आध्यात्मिक विचार

व्यास पीठ से डॉ. श्यामसुन्दर पाराशर ने भगवान के नृसिंह, मोहिनी और वामन अवतार की चर्चा की। उन्होंने कहा:

"सृष्टि के परम तत्व को जान लेने पर समाप्त हो जाते जन्म-मरण के बंधन। जीव का जगदीश्वर से सम्बन्ध जुड़ जाता है तो अज्ञान का आवरण समाप्त होकर सारे बंधन टूट जाते हैं। भगवान को हम जैसा मानेंगे वह वैसा बन जाएंगे। दानवों ने शत्रु माना तो विनाश हुआ और पांडवों ने मित्र माना तो कल्याण हुआ।"

भक्त श्रद्धापूर्वक जहां भी याद करता है, परमात्मा उसकी रक्षा के लिए वहां प्रकट हो जाता है।

अतिथि स्वागत और आरती में सम्मिलित गणमान्य

देवनानी का स्वागत महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज, संत महात्माओं, सनातन सेवा समिति एवं हंसगंगा हरि शेवा भक्त मण्डल के पदाधिकारियों ने किया। कथा के तीसरे दिवस के विश्राम पर आरती करने वालों में प्रमुख नाम शामिल थे:

  • महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी।
  • महामंडलेश्वर शरणानंद, श्रीमहंत धर्मेंद्र दास, महंत लक्ष्मण दास त्यागी, महंत सुभाष शाह जम्मू, महंत दामोदर शरण हरिद्वार।
  • महंत स्वरुपदास उदासीन अजमेर, महंत हनुमान राम उदासीन पुष्कर, महंत मोहन दास इंदौर, संत संतदास, महन्त रामदास रामायणी।
  • महंत भूमानंद महाराज पंजाब, संत ओम दास, संत हंसदास रीवा, संत स्वरूप दास रीवा, संत मायाराम, संत गोविंदराम, संत प्रकाशानंद।
  • ब्रह्मचारी इंद्रदेव, कुनाल, सिद्धार्थ, मिहिर, पूर्व महापौर राकेश पाठक, पूर्व जिलाध्यक्ष लादूलाल तेली, सासंद प्रवक्ता विनोद झूरानी।
धार्मिक अनुष्ठान और रासलीला

महोत्सव के तहत विश्व कल्याण हेतु विभिन्न अनुष्ठान जारी रहे:

  • सुबह 8 बजे से वैदिक अग्नि अनुष्ठान: पंचकुण्डीय श्री विष्णु महायज्ञ, 108 भागवत मूल पाठ एवं शतचण्डी।
  • अखण्ड श्रीमद् भगवतगीता पाठ, श्री रामचरितमानस पाठ, श्रीचंद सिद्धांत सागर पाठ और अखण्ड श्री रामनाम संकीर्तन।
  • यज्ञाचार्य कामेश्वरनाथ तिवारी (काशी) के सानिध्य में यज्ञ एवं चारों वेदों के मूल पाठ का पारायण।
  • शाम 6.30 बजे काशी की तर्ज पर गंगा आरती और शाम 7 बजे से श्री निकुंज बिहारी रासलीला मण्डल (वृन्दावन) द्वारा रासलीला।
पीएम के 'मन की बात' का श्रवण

सुबह 10:40 बजे श्रद्धालुओं ने महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन और विधायक अशोक कोठारी के सानिध्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 'मन की बात' के 131वें संस्करण का श्रवण किया। स्वामी हंसराम ने कहा कि पीएम मोदी देशवासियों को सनातन संस्कृति से जोड़ने का अनुकरणीय कार्य कर रहे हैं।

आगामी कार्यक्रम

श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का वाचन 25 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 1 से 4 बजे तक जारी रहेगा। सोमवार को श्रीकृष्ण बाल लीला और गोवर्धन पूजा प्रसंग सुनाया जाएगा। महोत्सव में शामिल होने के लिए श्री रैवासा वृन्दावन धाम के श्री अग्रपीठाधीश्वर मलूकपीठाधीश्वर स्वामी श्री राजेन्द्रदास देवाचार्य महाराज सोमवार को भीलवाड़ा पहुंचेंगे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story