भीलवाड़ा: सनातन मंगल महोत्सव का भव्य कलश शोभायात्रा से शुभारंभ
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के सानिध्य में 1008 मातृशक्ति ने मंगल कलश धारण कर भीलवाड़ा में भव्य शोभायात्रा निकाली।

भीलवाड़ा के संकट मोचन हनुमान मंदिर से हरि शेवा आश्रम तक आयोजित मंगल कलश शोभायात्रा में शामिल संत-महात्मा और कलश धारण की हुई मातृशक्ति।
भव्य कलश शोभायात्रा और पुष्पवर्षा से स्वागत
भीलवाड़ा, 19 फरवरी। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह का विधिपूर्वक आगाज हुआ। शोभायात्रा में शामिल होने के लिए मातृशक्ति के साथ श्रद्धालु भी उमड़ पड़े। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर भीलवाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज के मार्गदर्शन में होने वाले इस आयोजन की कलश शोभायात्रा में भीलवाड़ा के प्रमुख संत महात्माओं के साथ समाज के विभिन्न वर्गो से जुड़ी मातृशक्ति उत्साह से शामिल हुई।
- सुबह 9.15 बजे श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर से मंगल कलश शोभायात्रा प्रारंभ हुई।
- 1008 मातृशक्ति सिर पर मंगल कलश धारण करके चल रही थी।
- व्यास पीठ पर रखे जाने वाला श्रीमद् भागवत का ग्रंथ शोभायात्रा में संत महात्मा अपने सिर पर धारण करके चले।
- शोभायात्रा गोल प्याउ, सूचना केन्द्र चौराहा, आजाद चौक, वीर सावरकर चौक होते हुए हरि शेवा आश्रम सनातन मंदिर के विशाल पांडाल में पहुंची।
शोभायात्रा में शामिल संत-महात्मा एवं गणमान्य अतिथि
शोभायात्रा में महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज के साथ निम्नलिखित विभूतियाँ शामिल हुईं:
सासंद दामोदर अग्रवाल, महामंडलेश्वर स्वामी हितेशवरानंद महाराज, श्रीधाम वृन्दावन के कथा व्यास डॉ. श्यामसुन्दर पाराशर, महंत प्रकाशमुनी, स्वामी वेदांनंद, संत सेवादास, संत श्रवण मुनि, महंत आसन दास, संत नरेश मुनि, महंत स्वरुप दास उदासीन, महंत हनुमान राम उदासीन, संत हंसदास, संत मोहन दास, संत संतदास, स्वामी ईश्वर दास, स्वामी दर्शन दास, संत स्वरुप दास, संत गौतम दास, संकटमोचन हनुमान मंदिर के महन्त बाबू गिरी महाराज, हनुमान टेकरी के महन्त बनवारी शरण काठिया बाबा, हाथीभाटा आश्रम के महन्त संतदास महाराज, निम्बार्क आश्रम के महन्त मोहनशरण शास्त्री, पुजारी मुरारी पांडे, संत मायाराम, संत गोविंद राम, ब्रह्मचारी इंद्रदेव, कुनाल, सिद्धार्थ, मिहिर एवं पंडित सत्यनारायण शर्मा।
शोभायात्रा का आकर्षण एवं दृश्य
- सबसे आगे अश्व सवार धर्म ध्वज लिए हुए था, पीछे दुपहिया वाहनों पर बेटियां भगवा ध्वज लिए हुए थी।
- बैण्ड पर "कान्हा आन बसो वृन्दावन में उमर बीत गई गोकुल में" जैसी मधुर स्वर लहरियां बिखर रही थी।
- दुर्गा शक्ति अखाड़ा की बेटियां सनातन मंगल महोत्सव और जयश्री राम लिखी धर्म ध्वजा फहराते हुए चल रही थी।
- मातृशक्ति ने चुंदड़ या विशेष साड़ियां पहन रखी थी और वंदेमातरम, जयश्री राम, राधे-राधे के जयकारे लगा रही थी।
- श्री जोगणिया माता शक्तिपीठ वेद विद्यालय के छात्र भगवा वस्त्र पहने और हाथों में ॐ लिखी ध्वज पताकाएं लिए वैदिक मंत्रोच्चार कर रहे थे।
शहरवासी शोभायात्रा के स्वागत के लिए उमड़ पड़े और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। मार्ग में स्वागत द्वार लगाए गए थे। सनातन सेवा समिति एवं हंसगंगा हरि शेवा मण्डल के सदस्य भी उत्साह से शामिल थे।
श्रीमद भागवत कथा एवं विविध धार्मिक अनुष्ठान
महोत्सव के तहत 25 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक श्रीधाम वृन्दावन के कथा व्यास डॉ. श्यामसुन्दर पाराशर के मुखारबिंद से श्रीमद भागवत कथा का वाचन होगा।
विश्व शांति, सर्व संकट निवारण एवं विश्व कल्याण की भावना से निम्नलिखित अनुष्ठान प्रारंभ हुए हैं:
- सुबह 8 बजे से वैदिक अग्नि अनुष्ठान पंचकुण्डीय श्री विष्णु महायज्ञ।
- सुबह 8 बजे से श्री अष्टोतर शत (108) भागवत मूल पाठ एवं शतचण्डी पाठ।
- अनवरत अखण्ड श्रीमद् भगवतगीता पाठ, श्री रामचरितमानस पाठ, श्रीचंद सिद्धांत सागर पाठ और अखण्ड श्री रामनाम संकीर्तन।
- काशी के यज्ञाचार्य कामेश्वरनाथ तिवारी के सानिध्य में यज्ञ सम्पादन एवं चारों वेद के मूल पाठ का पारायण।
- प्रतिदिन शाम 6 बजे से काशी की तर्ज पर गंगा आरती।
- प्रतिदिन शाम 7 बजे से श्रीधाम वृन्दावन के रसिकाचार्य कुंजबिहारी शर्मा श्री निकुंज बिहारी रासलीला मण्डल द्वारा रासलीला।
आगामी कार्यक्रम और पूर्णाहुति
इन सभी कार्यक्रमों की पूर्णाहुति 25 फरवरी को होगी। दीक्षा दान समारोह की पूर्व संध्या पर 25 फरवरी को भव्य संत दर्शन एवं सनातन शोभायात्रा का आयोजन होगा। सनातन मंगल महोत्सव के अंतिम दिन दीक्षा दान समारोह एवं संत समागम का मुख्य आयोजन 26 फरवरी को सुबह 9 बजे से हरिशेवाधाम परिसर में बने विशाल पांडाल में होगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
