भीलवाड़ा में सनातन मंगल महोत्सव और दीक्षा दान समारोह 19 फरवरी से
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के सानिध्य में आठ दिवसीय आयोजन में श्रीमद् भागवत कथा, रासलीला और संत समागम के जरिए दिया जाएगा सनातन एकता का संदेश।

भीलवाड़ा के हरि शेवा उदासीन आश्रम में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज आगामी सनातन मंगल महोत्सव और दीक्षा दान समारोह की रूपरेखा बताते हुए।
आयोजन समिति की ओर से महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज के सानिध्य में आयोजित पत्रकार वार्ता में इस आयोजन के बारे में जानकारी दी गई। महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी महाराज ने बताया कि -
"दीक्षा दान समारोह के उपलक्ष्य में होने वाला सनातन मंगल महोत्सव आयोजन किसी संस्था या संगठन विशेष का नहीं होकर समस्त सर्व सनातन समाज के द्वारा आयोजित हो रहा है ओर इस आयोजन के माध्यम से सनातन एकता का संदेश पूरी दुनिया को दिया जाएगा।"
एक संगत-एक पंगत, एक भाषा- एक भूषा की भावना से हो रहे इस भव्य आयोजन में आठ दिन तक धर्म ओर भक्ति की भावना से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
प्रमुख कार्यक्रम और तिथियाँ
- श्रीमद् भागवत कथा: 19 से 25 फरवरी तक श्रीधाम वृन्दावन के कथा व्यास डॉ. श्यामसुन्दर पाराशर द्वारा वाचन।
- रासलीला: 19 से 26 फरवरी तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से रसिकाचार्य कुंजबिहारी शर्मा के निकुंज बिहारी रासलीला मण्डल द्वारा।
- शोभायात्रा: 25 फरवरी को प्रात: 8 बजे अयोध्या नगर, दूधाधारी मंदिर से भव्य संत दर्शन एवं सनातन शोभायात्रा।
- दीक्षा दान समारोह: 26 फरवरी को सुबह 9 बजे से, जहाँ ब्रह्मचारी इन्द्रदेव, कुनाल एवं सिद्धार्थ को विधिपूर्वक दीक्षा दी जाएगी।
- भण्डारा: 26 फरवरी दोपहर 1 बजे से अग्रवाल उत्सव भवन बस स्टैंड में।
भव्य पोथी कलश यात्रा एवं अनुष्ठान
आठ दिवसीय सनातन मंगल महोत्सव का आगाज 19 फरवरी को सुबह 9 बजे श्रीमद् भागवत महापुराण पोथी कलश यात्रा से होगा। यह यात्रा संकटमोचन हनुमान मंदिर महंत बाबुगिरी जी के यहां से प्रारंभ होकर हरिशेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर पहुचेंगी।
महोत्सव के दौरान निम्नलिखित अनुष्ठान होंगे:
- प्रतिदिन सुबह 8 बजे से वैदिक अग्नि अनुष्ठान पंचकुण्डीय श्री विष्णु महायज्ञ।
- श्री अष्टोतर शत (108) भागवत मूल पाठ एवं शतचण्डी पाठ।
- अखण्ड श्रीमद् भगवतगीता पाठ, श्री रामचरितमानस पाठ, श्रीचंद सिद्धांत सागर पाठ और अखण्ड श्री रामनाम संकीर्तन।
- काशी के यज्ञाचार्य कामेश्वरनाथ तिवारी के सानिध्य में यज्ञ एवं चारों वेद के मूल पाठ का पारायण।
- प्रतिदिन शाम 6 बजे से काशी के ब्राह्मणो द्वारा गंगा आरती।
देश-विदेश से संतों का आगमन
समारोह में देवभूमि भारत के सैकड़ो महानुभावों का सानिध्य प्राप्त होगा, जिनमें प्रमुख हैं:
- उदासीन कार्ष्णि पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी गुरूशरणानंद जी महाराज (रमणरेती गोकुल वन मथुरा)
- परम त्यागी तपस्वी बाबा कल्याण दास जी महाराज (अमरकंटक)
- गुरू गंगेश्वर धाम के अध्यक्ष महामंडेलश्वर स्वामी भास्कारानंद जी महाराज
- श्री रैवासा वृन्दावन धाम के श्री अग्रपीठाधीश्वर मलूकपीठाधीश्वर स्वामी श्री राजेन्द्रदास देवाचार्य महाराज
भागवत कथा के विशेष प्रसंग और लाइव प्रसारण
श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का लाइव प्रसारण दिनांक 19 से 25 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 1 से सांय 4 बजे तक आस्था भजन चैनल व यूट्यूब- Hari Shewa Sanatan Mandir व फेसबुक आईडी- हरीशेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर पर होगा।
- 20 फरवरी: भीष्म स्तुति व परीक्षित जन्म
- 21 फरवरी: सती चरित्र व ध्रुव चरित्र
- 22 फरवरी: राम कथा व नंद महोत्सव
- 23 फरवरी: श्रीकृष्ण बाल लीला, गोवर्धन पूजा
- 24 फरवरी: महारास एवं रूक्मणी विवाह
- 25 फरवरी: सुदामा चरित्र प्रसंग एवं भागवतसार
दीक्षा दान एवं सनातन संस्कृति का महत्व
सनातन मंगल महोत्सव का आयोजन पूरी तरह सनातन धर्म की मर्यादा के अनुरूप होगा। श्रद्धालुओं को मर्यादानुसार वस्त्र धारण करने होंगे। श्रीमद् भागवत महापुराण मूल पाठ के जजमान बनने पर दक्षिणा केवल एक रूपए का सिक्का एवं श्री फल है।
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन का मूल मंत्र है — "सुख चाहो सेवा करो-सुख चाहो सुमिरन करो। घर में सुख-समृद्धि चाहो-सनातन संस्कृति अपनाओ। नित नूतन चिर पुरातन- यह अपना अमर सनातन।"
व्यवस्था और प्रबंधन टोली
मुख्य व्यवस्थापक: महंत स्वरूपदास उदासीन (अजमेर), महंत लक्ष्मणदास त्यागी (भीलवाड़ा) एवं महंत हनुमानराम उदासीन (पुष्कर)।
सहयोगी संत: संत मायाराम, संत राजाराम, संत गोविन्दराम सहित हंसगंगा हरिशेवा भक्त मण्डल।
प्रेस वार्ता में उपस्थित: चाँदमल सोमानी, रविंद्र जाजू, सुरेश गोयल, हनुमान अग्रवाल, छितरमल गेंगट, रमेश मूंदड़ा, हीरालाल गुरनानी, हेमंत वच्छानी, ईश्वरलाल आसनानी, पुरुषोत्तम परियानी, इंद्र अवतानी, राजा टिकयानी, विजय मोटवानी, रमेश राठी, पल्लवी वच्छानी आदि।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
