भीलवाड़ा के श्री संभवनाथ जैन मंदिर में ध्वजा महोत्सव की तैयारी पूर्ण
दो दिवसीय धार्मिक आयोजन से पूर्व मंदिर परिसर में शुद्धिकरण सेवा की गई, 19 जून को भव्य वरघोड़ा और ध्वजारोहण महोत्सव का आयोजन होगा।

भीलवाड़ा के बापूनगर स्थित श्री संभवनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर में आयोजित होने वाले दो दिवसीय 16वें वार्षिक ध्वजा एवं मंदिर वर्षगांठ महोत्सव का निमंत्रण पत्र।
भीलवाड़ा के बापूनगर स्थित श्री संभवनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर में 16वें वार्षिक ध्वजा महोत्सव की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। दो दिवसीय यह धार्मिक आयोजन 18 जून से श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में प्रारंभ होगा। आयोजन से पूर्व रविवार को मंदिर परिसर में शुद्धिकरण सेवा का आयोजन श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं, युवाओं और मातृशक्ति ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
प्रचंड गर्मी और उमस के बावजूद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर की स्वच्छता और व्यवस्थाओं में पूरे समर्पण के साथ सहयोग दिया। मंदिर समिति के अध्यक्ष मनीष बापना ने बताया कि शुद्धिकरण सेवा केवल स्वच्छता कार्य नहीं, बल्कि मंदिर के प्रति गहरी श्रद्धा और सामूहिक धर्मभावना का प्रतीक है। समिति के मंत्री दिनेश गोलेछा ने जानकारी दी कि 16वां वार्षिक ध्वजा एवं मंदिर वर्षगांठ महोत्सव 19 जून को आयोजित किया जाएगा, जिसमें कायमि ध्वजा का लाभ धर्मनिष्ठ प्रभादेवी, मनीष-ममता, प्रणय एवं प्रियांश बापना परिवार द्वारा लिया जाएगा।
महोत्सव की पूर्व संध्या 18 जून को शाम 7:15 बजे संध्याकालीन आरती एवं भव्य अंगरचना दर्शन के पश्चात भक्ति संध्या का आयोजन होगा, जिसमें नीमच के महावीर जैन एंड ग्रुप एवं भीलवाड़ा के गोविंद गुरावा द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। 19 जून को प्रातः 6:30 बजे बापना परिवार के निवास से मंदिर तक वरघोड़ा निकाला जाएगा। इसके बाद सुबह 8:15 बजे स्नात्र पूजा एवं ध्वजा महोत्सव संपन्न होगा, जबकि 9 बजे वार्षिक चढ़ावा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात लाभार्थी परिवार द्वारा साधार्मिक स्वामी वात्सल्य का आयोजन किया जाएगा।
सेवा कार्य में बलवंत सिंह मेहता, मनीष बापना, गुणवंत जैन, सुनीता खाब्या, दिनेश गोलेछा, अनिल विश्लोत, मनोज महात्मा, विवेक खाब्या, नीलेश भंडारी, गौरव श्रीश्रीमाल, विजय संचेती, पंकज लोढ़ा, संजय लोढ़ा, संदीप खमेसरा, कुलदीप गुगलिया, संयम कर्णावट, नमन गोलेछा, युग कावड़िया, प्रियांश बापना, नरेशजी एवं कैलाश शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सहयोग प्रदान किया। मंदिर समिति ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाजजनों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील की है।
यह आयोजन धार्मिक आस्था, सेवा और सामाजिक एकता के संदेश के साथ समाज को सामूहिक भक्ति और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम बनेगा।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
