भीलवाड़ा की लूट की वारदातों में वांछित 15 हजार का इनामी सरगना विशाल मोग्या चित्तौड़गढ़ में गिरफ्तार
भीलवाड़ा की लूट की वारदातों में 6-7 महीनों से फरार 15 हजार का इनामी सरगना विशाल मोग्या चित्तौड़गढ़ में गिरफ्तार हुआ।

भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी और पारोली थाना क्षेत्रों में लूट की वारदातों में पिछले 6-7 महीनों से फरार चल रहे 15,000 रुपये के इनामी शातिर सरगना विशाल मोग्या को चित्तौड़गढ़ जिले की निकुंभ थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस ने उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथकढ़ शराब भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, विशाल मोग्या (23), निवासी भाणुजा डांग, लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का सरगना था। यह गिरोह सुनसान रास्तों, खेतों और जंगलों में अकेली महिलाओं, बुजुर्गों तथा पशु चराने वालों को निशाना बनाता था। चाकू की नोक पर उनके सोने के टॉप्स, मांदलिये और कानों की मुरकियां लूट ली जाती थीं।
पुलिस के मुताबिक गिरोह का नेटवर्क चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, उदयपुर, प्रतापगढ़ और राजसमंद जिलों तक फैला हुआ था। गिरोह अब तक 9-10 वारदातों को अंजाम दे चुका है। भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी और पारोली थाना क्षेत्रों में हुई लूट की वारदातों के बाद विशाल मोग्या पिछले 6-7 महीनों से फरार चल रहा था और उस पर 15,000 रुपये का इनाम घोषित था।
आरोपी को पकड़ने के लिए निकुंभ थानाधिकारी प्रभुसिंह चुंडावत और उनकी टीम पिछले 3-4 दिनों से जंगलों और खेतों में छुपकर रेकी कर रही थी। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर आखिरकार उसे रात में पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास भारी मात्रा में अवैध हथकढ़ शराब मिली, जिसे वह सगाई समारोह में पार्टी के लिए लेकर आया था।
इस मामले में आरोपी के तीन अन्य साथी भैरूलाल मोग्या, नानू मोग्या और गोवर्धन मोग्या पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं और वर्तमान में भीलवाड़ा जेल में बंद हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी प्रभुसिंह चुंडावत के साथ सहायक उप निरीक्षक आसाराम, कांस्टेबल कमलेश, सूर्यपाल सिंह और प्रहलाद शामिल रहे। विशाल मोग्या की गिरफ्तारी से भीलवाड़ा जिले में हुई लूट की वारदातों से जुड़े गिरोह के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
